विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हिलेरी क्लिंटन के सारथी बने बराक ओबामा

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Tue, 05 Jul 2016 09:02 PM (IST)Updated: Tue, 05 Jul 2016 09:15 PM (IST)

जून 2008 का वह भाषण याद कीजिए जब हिलेरी क्लिंटन ने बराक ओबामा को राष्ट्रपति बनने से रोकने के लिए कुछ भी करने की बात

News Article Hero Image

वाशिंगटन। यूं ही नहीं कहते कि राजनीति संभावनाओं का खेल है। जून 2008 का वह भाषण याद कीजिए जब हिलेरी क्लिंटन ने बराक ओबामा को राष्ट्रपति बनने से रोकने के लिए कुछ भी करने की बात कही थी। आठ साल बाद अब अमेरिकी राजनीति में 360 डिग्री का बदलाव आ चुका है। हिलेरी राष्ट्रपति चुनाव के लिए संभावित डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हैं और मौजूदा राष्ट्रपति ओबामा उनके पैरोकार।

अपने पूर्व विदेश मंत्री के समर्थन में ओबामा ने रैलियों का सिलसिला शुरू कर दिया है। मंगलवार को उन्होंने पहली बार हिलेरी के साथ नॉर्थ कैरोलिना में सभा की। 2008 के राष्ट्रपति चुनाव में ओबामा को इस प्रांत में जीत हासिल हुई थी। लेकिन, 2012 में उन्हें अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी से मामूली अंतर से मात खानी पड़ी थी।

हिलेरी का इरादा इस बार फिर से इस प्रांत को डेमोक्रेटिक पार्टी की झोली में लाना है। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव आठ नवंबर को होना है। हिलेरी और रिपब्लिकन पार्टी के संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की टक्कर करीब-करीब तय है।

गौरतलब है कि हिलेरी का चुनाव अभियान शुरू होने के बाद से ओबामा कई मौकों पर उनके प्रति अपना झुकाव दिखा चुके हैं। लेकिन, बर्नी सैंडर्स के मैदान में डटे रहने के कारण वे सार्वजनिक तौर पर समर्थन से बच रहे थे। पिछले महीने उन्होंने हिलेरी के समर्थन में एक वीडियो जारी कर विदेश मंत्री के तौर पर उनके फैसलों की सराहना की थी।

ट्वीट को यहूदी विरोध बताना बचकाना : ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्वीट को यहूदी विरोधी बताने के लिए हिलेरी क्लिंटन की आलोचना की है। उन्होंने इसे हिलेरी के प्रचार अभियान का "बचकाना" प्रयास बताया है। ट्रंप के इस ट्वीट में नकदी के ढेर के ऊपर "स्टार ऑफ डेविड" दिखाया गया है, जो यहूदियों का प्रतीक चिन्ह माना जाता है।

स्टार ऑफ डेविड दो त्रिभुजों को मिलाकर बनाई गई एक सितारानुमा आकृति होती है। ट्रंप ने कहा है कि इस ट्वीट के जरिये बताया गया है कि कुटिल हिलेरी अब तक की सबसे भ्रष्ट उम्मीदवार हैं। लेकिन, मूल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए वे इसे धार्मिक रंग दे रही हैं।