विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 23, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नवाज शरीफ की पत्नी कुलसुम को कैंसर, आर्मी चीफ ने जाना हालचाल

By Test1 Test1Edited By:
Published: Wed, 23 Aug 2017 02:37 PM (IST)Updated: Wed, 23 Aug 2017 02:40 PM (IST)

आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा ने आज पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को फोन कर उनकी पत्‍नी कुलसुम नवाज के स्वास्थ्य का हालचाल जाना।

नवाज शरीफ की पत्नी कुलसुम को कैंसर, आर्मी चीफ ने जाना हालचाल
नवाज शरीफ की पत्नी कुलसुम को कैंसर, आर्मी चीफ ने जाना हालचाल

इस्लामाबाद (प्रेट्र) । पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा ने आज पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को फोन कर उनकी पत्‍नी कुलसुम नवाज के स्वास्थ्य का हालचाल जाना। बता दें कि बीमार चल रही कुलसुम के स्वास्थ्य की जांच में उनके गले में कैंसर का पता चला है। शरीफ के एक निकट सहयोगी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल लंदन के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

जनरल कमर जावेद बाजवा ने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को फोन किया और उनकी पत्‍नी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। आर्मी के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने सोशल मीडिया पर बताया कि जनरल बाजवा ने शरीफ के साथ टेलीफोन पर बातचीत की है और उन्होंने बेगम कुलसुम के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की। 

नवाज शरीफ के प्रधानमंत्री पद से हटाए जाने के बाद आधिकारिक तौर पर दोनों के बीच पहली बार बातचीत हुई है। बता दें कि बाजवा को नवाज शरीफ ने ही पिछले साल आर्मी चीफ बनाया था। डॉक्टरों के मुत‍ाबिक 60 वर्षीय कुलसुम के गले का कैंसर अभी प्राथमिक दौर में है और उनके स्वस्थ होने की पूरी संभावना है।

गौरतलब हो कि कुलसुम ने लाहौर की उस सीट से अपना नामांकन दाखिल किया है जो पनामा गेट कांड में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद नवाज शरीफ को खाली करनी पडी थी। कुलसुम को यहां तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की कैंडीडेट डाॅ. यास्मीन रशीद से कडी चुनौती मिल रही है। डॉ. यास्मीन ने कुलसुम की उम्‍मीदवारी की पात्रता को भी चुनौती दी है। हालांकि कुलसुम के कैंसर से पीडित होने की जानकारी मिलते ही पीटीआइ के प्रमुख इमरान खान ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। 

यह भी पढ़ेंः तीसरे नोटिस पर भी पेश नहीं हुए नवाज शरीफ