यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तूफान इरमा का कहर, प्यूर्टो रिको के साथ बिखर गया छोटा द्वीप बरबुडा भी
अमेरिका से अभी-अभी तूफान हार्वे गुजरा ही था कि बुधवार को फिर से प्यूर्टो रिको समेत कई जगहों पर तेज ...और पढ़ें

सैन जुआन (जेएनएन)। तूफान इरमा की तेज हवाओं और भारी बारिश ने प्यूर्टो रिको के करीब 900,000 लोगों को बुधवार रात बगैर बिजली के रहने को मजबूर कर दिया।
बता दें कि तूफान इरमा ने कैरेबियाई द्वीप पर मंगलवार से ही कहर बरपाना शुरू कर दिया। फ्रांस के गृहमंत्री गेरार्ड कोल्लोम्ब ने बताया कि, 'सेंट मार्टिन की चार सबसे मजबूत इमारतें तूफान से तहस-नहस हो गई'। पेरिस और सेंट मार्टिन के बीच संपर्क टूट चुका है। कैटेगरी 5 में रखा गया इरमा तूफान 300 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से सबसे पहले एंटीगुआ और बरबुडा पहुंचा। यहां से होते हुए इरमा ने सेंट मार्टिन और सेंट बार्ट्स में जमकर तबाही मचाई। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान हो कि तूफ़ान इरमा प्यूर्टो रिको, डोमिनिशियन रिपब्लिक और फ्लोरिडा की तरफ बढ़ेगा। एहतियातन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही फ्लोरिडा में इमरजेंसी लागू कर दिया था। विमान सेवाओं को रद्द करने और स्कूलों को बंद करने के निर्देश दे दिए गए।

बरबुडा के द्वीप पर करीब प्रत्येक बिल्डिंग को क्षति पहुंची और यहां के करीब 60 फीसद यानि 1,400 लोगों का घर नष्ट हो गया। एंटीगुआ व बरबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने एपी को बताया कि सड़के व टेलीकम्युनिकेशन पूरी तरह खत्म हो गया और इसे सही करने में साल नहीं तो महीनों का समय तो लग ही जाएगा।
अमेरिका के इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी ने बताया, प्यूर्टो रिको के द्वीप का आधे से अधिक हिस्सा बिना बिजली के था और करीब 50,000 बिना पानी के। 14 अस्पतालों में बिजली चले जाने के बाद जेनरेटर का उपयोग किया जा रहा है। अमेरिका के नेशनल वेदर सर्विस ने बताया कि प्यूर्टो रिको में 1928 में शक्तिशाली तूफान सैन फेलिप आया था जिसके बाद से अब इरमा आया है। प्यूर्टो रिको के पब्लिक पावर कंपनी के डायरेक्टर ने चेतावनी जारी की कि कुछ हिस्सों में 4 से 6 महीने तक बिजली सर्विस बहाल नहीं हो पाएगा क्योंकि इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह क्षतिग्रस्त है।
