यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
टैटू हटवाने के चक्कर में गई भारतीय की जान
कुआलालंपुर। पुलिस में भर्ती से पहले शरीर पर बना टैटू हटवाने के चक्कर में यहां एक भारतीय को अपनी जान ...और पढ़ें

कुआलालंपुर। पुलिस में भर्ती से पहले शरीर पर बना टैटू हटवाने के चक्कर में यहां एक भारतीय को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।
25 वर्षीय एन दिनेश नायर को पुलिस में कांस्टेबल की भर्ती से पहले साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। उन्हें डर था कि टैटू की वजह से नौकरी मिलने में दिक्कत हो सकती है। अपने चयन की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए उन्होंने सर्जरी के जरिए टैटू हटवाने का फैसला किया। स्टार ऑनलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तरी केदाह प्रांत में गत 12 सितंबर को एक निजी क्लीनिक में सर्जरी के दौरान वे कोमा में चले गए। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन वह बेहोशी की हालत से बाहर नहीं आ पाए और गुरुवार को उनकी मौत हो गई। नायर के परिवार ने लापरवाही बरतने के आरोप में क्लिनिक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह अभी तक पता नहीं चला है कि टैटू हटाने के लिए क्लिनिक ने कौन सी प्रक्रिया अपनाई थी। स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न वेबसाइटों के मुताबिक, टैटू को हटाने के लिए विभिन्न प्रक्रियाएं अपनाई जाती हैं। इसमें त्वचा की ऊपरी परत को उतारना, इंफ्रा रेड किरणों और कार्बन डाईऑक्साइड लेजर का इस्तेमाल प्रमुख है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
