बेवजह संदेह करना बंद करे भारत
भारतीय अखबार की खबर के अनुसार पाकिस्तान ने चीन से जुड़े इकोनोमिक कॉरीडोर के निर्माण के लिए करीब तीन लाख करोड़ रुपये का कर्ज लिया।
बीजिंग, प्रेट्र : भारतीय मीडिया रिपोर्ट से बौखलाए चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के अखबार ग्लोबल टाइम्स ने भारत को नसीहत दी है कि वह चीन के प्रति बेवजह का संदेह वाला व्यवहार छोड़े और दक्षिण एशिया में अपनी ताकत बढ़ाए। अखबार ने चीन की आर्थिक उपलब्धियों से भारत को नर्वस करार दिया है।
एक भारतीय अखबार की रिपोर्ट कि दक्षिण एशियाई देशों को चीन अपने कर्ज जाल में फंसाता जा रहा है, पर ग्लोबल टाइम्स ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कहा है, नर्वस होने से कोई फायदा नहीं होगा। भारत चीजों को साजिश के तहत प्रस्तुत करने का रास्ता छोड़े। भारतीय मीडिया का एक वर्ग चीन को बदनाम करने में अति कर देता है। वह चीन को घास में छिपे सांप की तरह प्रस्तुत करता है।
अखबार ने लिखा है कि चीन वन बेल्ट-वन रोड अभियान पर काम कर रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय देशों में तरक्की की साझा लहर पैदा करना है। यह तरक्की रोड से जुड़ने वाले सभी देशों में होगी।
भारतीय अखबार की खबर के अनुसार पाकिस्तान ने चीन से जुड़े इकोनोमिक कॉरीडोर के निर्माण के लिए करीब तीन लाख करोड़ रुपये का कर्ज लिया। जबकि श्रीलंका ने विकास योजनाओं के लिए 51 हजार करोड़ रुपये का चीन से कर्ज लिया। ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि यह सोचना कितना दुराग्रहपूर्ण है कि पाकिस्तान और श्रीलंका ने ऐसा कर्ज चीन से लिया, जिसको चुकाया जाना मुश्किल है। अगर यह कर्ज मुश्किल शर्तो पर लिया गया तो दोनों देश विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक या भारत की किसी संस्था से ऋण लेना पसंद करते।
इसी तरह से चीन-पाकिस्तान इकोनोमिक कॉरीडोर के जरिये चीन की पाकिस्तान पर सामरिक और आर्थिक पकड़ मजबूत करने की संभावना पर भी ग्लोबल टाइम्स ने आपत्ति जताई है।
यह भी पढ़ें: कश्मीर मुद्दे पर भारत-पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता नहीं करेगा चीन