विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 05, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अमेरिका पर अब चक्रवाती तूफान 'इरमा' का खतरा

By Abhishek Pratap SinghEdited By:
Published: Tue, 05 Sep 2017 05:13 PM (IST)

फिलहाल इरमा 220 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।

अमेरिका पर अब चक्रवाती तूफान 'इरमा' का खतरा
अमेरिका पर अब चक्रवाती तूफान 'इरमा' का खतरा

वाशिंगटन, रायटर : टेक्सास और लुसियाना प्रांत के लोग अभी हार्वे तूफान से उबरे भी नहीं हैं कि दक्षिण पूर्व अमेरिका पर एक और शक्तिशाली चक्रवाती तूफान 'इरमा' का खतरा गहरा गया है। इससे अमेरिका के तटवर्ती इलाकों के अलावा प्यूर्टो रिको, वेस्टइंडीज, क्यूबा, ब्रिटिश और अमेरिकी वर्जिन द्वीपसमूह के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। फ्लोरिडा और प्यूर्टो रिको में आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है।

अमेरिका के नेशनल हरिकेन सेंटर (एनएचस) ने संबंधित क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की है। इस तूफान को चौथी श्रेणी में रखा गया है। लिहाजा 209-251 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है। फिलहाल इरमा 220 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।

इससे बिजली के खंभों और पेड़ों के उखड़ने के अलावा मकानों को भी व्यापक पैमाने पर नुकसान पहुंचने का खतरा है। बिजली और पेयजल आपूर्ति चरमरा सकती है। टेक्सास के तट से टकराने वाला हार्वे भी चौथी श्रेणी का तूफान था, जिसने व्यापक तबाही मचाई।

जरूरी सामान जुटाने लगे लोग

फ्लोरिडा के अलावा प्यूर्टो रिको में लोगों को जरूरी सामान जैसे सीलबंद खाना, पानी, बैटरी, टॉर्च आदि खरीदने के लिए दुकानों पर लंबी-लंबी कतार में लगे हुए देखा गया। एनएचसी के विशेषज्ञों ने इरमा के शनिवार तक फ्लोरिडा के तट से टकराने की चेतावनी जारी की है। तूफान के अगले 48 घंटे में और मजबूत होने की बात कही गई है।

अमेरिका के प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में 62 हजार से ज्यादा लोगों के राहत शिविरों में शरण लेने का अनुमान है। इसके लिए 456 आपात शिविर तैयार किए गए हैं। प्यूर्टो रिको ने आपात स्थिति की घोषणा करते हुए कीमतों में वृद्धि पर रोक लगा दी है, ताकि लोग जरूरी सामान उचित कीमत पर खरीद सकें।

यह भी पढ़ें: अमेरिका में लोग गर्मी से बेहाल, पारा 42 के पार