यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 29, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ईशनिंदा के बाद पाकिस्तान में मंदिर में तोड़-फोड़, पुलिस ने दर्ज किया मामला
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में मंदिर में उपद्रवियों द्वारा तोड़-फोड़ का मामला सामने आया है।

कराची (प्रेट्र)। ईशनिंदा को लेकर पाकिस्तान में बढ़ते अपराध थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। इसी क्रम में पाकिस्तान में एक मंदिर में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि शुक्रवार को सिंध प्रांत स्थित थाटा जिले के गारो शहर के एक मंदिर में स्थापित मूर्तियों को उपद्रवियों ने तोड़कर नाले में फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ ईशनिंदा और आतंकवाद की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच जारी है, लेकिन सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
इलाके में तैनात पुलिस अधिकारी फिदा हुसैन मासतोई ने बताया कि प्राथमिक जांच में मंदिर के आसपास मिले कदमों के निशान 12 साल की उम्र के बच्चे के लग रहे हैं। स्थानीय हिंदू पार्षद लाल माहेश्वरी ने बताया, मैं मंदिर में किसी धार्मिक अनुष्ठान के लिए देर रात तक रुका था। तब तक मंदिर में सब ठीकठाक था। उन्होंने बताया कि जब सुबह लोग पूजा करने आए तो मूर्तियां गायब थीं। संभवत: किसी ने रात एक बजे से सुबह पांच बजे के बीच घटना को अंजाम दिया। मंदिर के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।
सिंध के मुख्यमंत्री के अल्पसंख्यक मामलों के सलाहकार डॉ. खट्टो मल ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गारो शहर कराची से 60 किमी दूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। यहां करीब दो हजार परिवार रहते हैं, जिनमें से ज्यादातर हिंदू हैं।
