यमन में संघर्षविराम के बावजूद जमीनी लड़ाई जारी
यमन में पांच दिन का संघर्षविराम रविवार आधी रात से प्रभाव में आ गया। इसके बावजूद कई जगहों पर विद्रोहियों और राष्ट्रपति अब्द मंसूर हादी समर्थकों के बीच संघर्ष जारी है। हालांकि सऊदी अरब के नेतृत्व में हवाई हमले बंद हो गए हैं।
सना। यमन में पांच दिन का संघर्षविराम रविवार आधी रात से प्रभाव में आ गया। इसके बावजूद कई जगहों पर विद्रोहियों और राष्ट्रपति अब्द मंसूर हादी समर्थकों के बीच संघर्ष जारी है। हालांकि सऊदी अरब के नेतृत्व में हवाई हमले बंद हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक तैज शहर के आसपास के इलाकों में हाउती विद्रोहियों की गोलाबारी के बाद जमीनी लड़ाई चल रही है। अदन और लाहज में अब शांति है। हालांकि कभी-कभार इन इलाकों में भी गोलियों की आवाज सुनाई पड़ रही है।
सऊदी अरब ने शनिवार को मानवीय आधार पर पांच दिन के संघर्षविराम की घोषणा की थी। उसके नेतृत्व में मार्च से ही विद्रोहियों को लक्ष्य बनाकर हवाई हमले किए जा रहे थे। इसका मकसद हादी की सरकार को फिर से सत्ता में वापस लाना है।
हालांकि राजधानी सना सहित देश के ज्यादातर उत्तरी हिस्सों पर काबिज हाउती विद्रोहियों को इन हमलों से अब तक कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। हवाई हमलों में ज्यादातर आम नागरिक ही मारे गए है। इससे पहले यमन में दो बार संघर्षविराम असफल रहा है।