रूस से बेहतर रिश्ते बनाएंगे डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने माना ट्रंप रूस से अच्छे संबंध बनाने की कोशिश जारी रखना चाहते हैं।
वेलिंगटन, रायटर। रूस से नजदीकियों पर घिरे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब खुलकर अमेरिका-रूस के बीच बेहतर रिश्ते की वकालत शुरू कर दी है। अमेरिका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने माना कि राष्ट्रपति चुनाव में कथित रूसी हस्तक्षेप पर उठे विवाद के बावजूद ट्रंप रूस से अच्छे संबंध बनाने की कोशिश जारी रखना चाहते हैं।इस दिशा में ट्रंप ने उन्हें काम करने को कहा है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद न्यूजीलैंड पहुंचे टिलरसन ने राजनीतिक विवाद से अमेरिका के प्रभावित होने के संबंध में किसी भी सवाल का जवाब देने से इन्कार किया। ज्ञात हो कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की प्रारंभिक रिपोर्ट यह मानती है कि मास्को ने ट्रंप के पक्ष में राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की थी। इस क्रम में कई वरिष्ठ डेमोक्रेट के ई मेल तक हैक किए गए थे। हालांकि ट्रंप इन आरोपों को नकारते रहे हैं।
यह भी पढ़ें: लंदन हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तानी होने का शक
टिलरसन ने कहा कि अमेरिका के लिए एशिया प्रशांत क्षेत्र का राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक हितों के मद्देनजर काफी महत्व है। अमेरिका के पेरिस जलवायु समझौते से बाहर होने पर टिलरसन को विरोध का भी सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप की तस्वीर पर पानी भरे गुब्बारे फेंककर विरोध जताया।
यह भी पढ़ें: भारत में 500 गांव गोद लेंगे अप्रवासी भारतीय