यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डोनाल्ड ट्रंप ने जस्टर को नामित किया भारत का अमेरिकी राजदूत
सीनेट से मंजूरी मिलने के बाद वह रिचर्ड वर्मा की जगह लेंगे। वर्मा ने इस साल 20 जनवरी को इस्तीफा दे दिया था और तभी से यह पद खाली है।

वाशिंगटन, पीटीआई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत में अमेरिका के नए राजदूत के तौर पर केनेथ इयान जस्टर को नामांकित किया है। सीनेट की मुहर के लिए उनका नाम अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन के पास भेज दिया गया है। जस्टर भारत मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं।
ट्रंप ने पिछले शुक्रवार को 62 वर्षीय जस्टर को भारत में अमेरिका का अगला राजदूत बनाने का इरादा जाहिर किया था। सीनेट से मंजूरी मिलने के बाद वह रिचर्ड वर्मा की जगह लेंगे। वर्मा ने इस साल 20 जनवरी को इस्तीफा दे दिया था और तभी से भारत में अमेरिकी राजदूत का पद खाली है।

जस्टर ने बुश प्रशासन के दौरान भारत और अमेरिका के संबंधों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह इस साल जनवरी से जून तक राष्ट्रपति ट्रंप की राष्ट्रीय आर्थिक परिषद के उपनिदेशक भी रह चुके हैं। जस्टर साल 2001 से 2005 तक अमेरिका के उप वाणिज्य मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। इस अवधि में उन्होंने भारत और अमेरिका के संबंधों को नई ऊंचाई दी थी। दोनों देशों के बीच असैन्य परमाणु करार भी इसी दौरान हुआ था।
