विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ढाका हमला: 12 घंटे से ज्यादा चला बंधक संकट खत्म, जानिए- दस बड़ी बातें

By Atul GuptaEdited By:
Published: Sat, 02 Jul 2016 09:42 AM (IST)Updated: Sat, 02 Jul 2016 10:22 AM (IST)

बांग्लादेश में बीती रात से लगातार चल रहा बंधक संकट खत्म हो गया है। अबतक 13 लोगों को रेस्तरां से ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। बांग्लादेश के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले डिप्लोमेटिक जोन इलाके के एक मशहूर रेस्तरां में शुक्रवार रात आतंकियों ने कई लोगों को बंधक बना लिया। सेना ने बंधक संकट खत्म होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है लेकिन सर्च ऑपरेशन अब भी चला रहा हैं। बताया जा रहा है कि अबतक 13 लोगों को रेस्तरां से बाहर निकाला जा चुका है जिनमें जापानी और भारतीय मूल के लोग भी शामिल हैं। ये भी जानकारी मिल रही है कि रेस्तरां से अबतक पांच शवों को भी बाहर निकाला जा चुका है। क्या है इस आतंकी घटना की दस बड़ी बातें आइए आपको विस्तार से बताते हैं।


1. बांग्लादेश के जिस रेस्तरां में आतंकियों ने लोगों को बंधक बनाया है उनमें भारतीय और इटली मूल के लोग भी शामिल हैं।

2. आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच हुर्ई मुठभेड़ में अबतक 2 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो चुकी है जबकि 26 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

3. एसआइटीइ इंटेलिजेंस के मुताबिक आतंकी संगठन आइएस ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बताया जा रहा है कि आइएस की न्यूज एजेंसी ने इस हमले को आइएस के आतंकियों द्वारा किया हमला करार दिया है।

4. आइएस से जुड़ी इस न्यूज एजेंसी ने अबतक 24 लोगों की मौत और 40 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर दी है जिनमें विदेशी सैलानी भी शामिल हैं। हालांकि इन आंकड़ो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

5. बांग्लादेश के एक सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक आतंकी अल्लाह- हु-अकबर कहते हुए रेस्तरां में घुस गए और लोगों को बंधक बना लिया। इस दौरान बड़ी मात्रा में गोलियां भी चलाई गई।

6. पिछले कुछ दिनों से बांग्लादेश में धार्मिक चरमपंथियों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है। पिछले दो दिनों में लगातार दो हिंदु पुजारियों पर हमला हुआ है।

7. साल 2013 के बाद से लेकर अबतक बांग्लादेश में दो दर्जन से ज्यादा लेखकों, पब्लिशरों, धार्मिक अल्पसंख्यकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और वहां काम कर रहे विदेशी मूल के लोगों पर हमला हो चुका है। शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिमी बांग्लादेश में एक हिंदु मंदिर के एक पुजारी की हत्या कर दी गई।

8. इस्लामिक स्टेट आइएस और अल-कायदा ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है लेकिन स्थानीय प्रशासन के मुताबिक बांग्लादेशी आतंकियों और अंतराष्ट्रीय जिहादी नेटवर्क के बीच कोई संबंध नहीं है।

9. बांग्लादेशी अधिकारियों के मुताबिक दो स्थानीय आतंकी गुट अंसार-अल-सलाम और जमात-उल-मुजाहिद्दीन इन घटनाओं के पीछे है। बताया जाता है कि अंसार-अल-सलाम को अल-कायदा का समर्थन प्राप्त है जबकि जमात-उल-मुजाहिद्दीन आइएस से जुड़ा हुआ है।

10. पिछले महीने बांग्लादेशी सुरक्षाकर्मियों ने राष्ट्रीय स्तर पर ऐसे आतंकी संगठनो से संबंध रखने वाले करीब 11000 लोगों को हिरासत में लिया था लेकिन कई संगठनों ने इसे राजनीतिक रंजिश के तहत की गई गिरफ्तारी करार दिया था।

पढ़ें- ढाका हमला LIVE: सेना ने भारतीय मूल के बंधकों समेत 13 लोगों को छुड़ाया