Move to Jagran APP

क्लिंटन ने भारत के मित्र केन को बनाया साथी उम्मीदवार

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रत्याशी हिलेरी क्लिंटन ने उप राष्ट्रपति पद के लिए वर्जीनिया से सिनेटर टिम केन पर भरोसा जताया है।

By Amit MishraEdited By: Published: Sat, 23 Jul 2016 08:16 PM (IST)Updated: Sat, 23 Jul 2016 08:32 PM (IST)

वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रत्याशी हिलेरी क्लिंटन ने उप राष्ट्रपति पद के लिए वर्जीनिया से सिनेटर टिम केन पर भरोसा जताया है। वर्जीनिया के गवर्नर रहे केन को भारत समर्थक माना जाता है। अमेरिकी संसद में वह कई मौकों पर भारत के हितों का समर्थन कर चुके हैं। प्रत्याशी के तौर पर केन के नाम की घोषणा करते हुए क्लिंटन ने उन्हें दूसरों की लड़ाई लड़ने वाला शख्स बताया। कहा, केन हर समस्या के समाधान में विश्वास रखते हैं।

loksabha election banner

टिम केन (58) अमेरिकी संसद के लिए 2013 में चुने जाने से पहले रिचमंड के मेयर थे। वह अमेरिकी संसद की कई महत्वपूर्ण समितियों के सदस्य भी हैं। वह सन 2014 में संसदीय दल के साथ भारत का दौरा कर चुके हैं। माना जा रहा है कि क्लिंटन और केन फ्लोरिडा में जल्द होने वाली जनसभा में एक साथ मंच पर आएंगे। यह जोड़ी आठ नवंबर को होने वाले चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप और माइक पेंस की रिपब्लिकन जोड़ी का मुकाबला करेगी।

केन को मित्र मानते हैं भारतीय

टिम केन को भारत के साथ मजबूत अमेरिकी संबंधों का पैरोकार माना जाता है। अमेरिका में रहने वाले भारतीय उन्हें भारत का मित्र मानते हैं। सिलिकॉन वैली में कार्यरत भारतीय मूल के अमेरिकी उद्यमी एम रंगास्वामी के अनुसार केन भारत के मित्र होने के साथ ही सभ्य और सम्मानित व्यक्ति हैं। वह स्थिति के अनुसार निर्णय लेने में सक्षम हैं। ग्रेटर वाशिंगटन इलाके के प्रमुख भारतीयों में शुमार शेखर नरसिह्मन के मुताबिक केन को मित्र कहने के उन्हें गर्व महसूस होता है। वह भारतीयों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करते हैं, उनके हित की बात करते हैं।

ट्रंप ने डर दिखाया पर हल नहीं बताया : क्लिंटन

रिपब्लिकन पार्टी के सम्मेलन के दौरान डोनाल्ड ट्रंप के दिए भाषण पर हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि उन्होंने भय, गुस्से और आतंकवाद की बात कही। लेकिन इन समस्याओं का निदान कैसे होगा, यह नहीं बताया। क्लिंटन ने कहा कि ट्रंप हमेशा ही अस्पष्ट, भ्रम पैदा करने वाली और विभाजनकारी बातें करते हैं। उनके पास किसी चीज का हल नहीं है।

दुनिया भर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.