हिलेरी के निजी सर्वर पर थे 150 गोपनीय ई-मेल
अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के निजी सर्वर पर 150 ऐसे ई-मेल थे जिसमें गोपनीय सूचनाएं थीं। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल करने में जुटीं हिलेरी के लिए यह खुलासा नई राजनीतिक मुश्किल खड़ी कर सकता है।
वाशिंगटन। अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के निजी सर्वर पर 150 ऐसे ई-मेल थे जिसमें गोपनीय सूचनाएं थीं। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल करने में जुटीं हिलेरी के लिए यह खुलासा नई राजनीतिक मुश्किल खड़ी कर सकता है। खुलासे के बाद ओबामा प्रशासन हिलेरी के बचाव में उतर आया है।
विदेश विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि हिलेरी के कार्यकाल के दौरान इन ई-मेल को गोपनीय की श्रेणी में नहीं रखा गया था। जबकि आइजी स्तर के अधिकारी दो ई-मेल को गोपनीय होने की रिपोर्ट सौंप तक चुके हैं। फेडरल कोर्ट ने विदेश विभाग को हिलेरी के 55 हजार ई-मेल को सार्वजनिक करने का निर्देश दिया है। इसे बैच में जारी किया जाएगा। इनमें संवेदनशील सूचनाओं वाले मेल शामिल नहीं हैं। हिलेरी निजी सर्वर से गोपनीय ई-मेल भेजने की बात से लगातार इंकार करती रही हैं। उनके खिलाफ आपराधिक जांच तो नहीं चल रही है, लेकिन एफबीआइ यह पता लगा रही है कि हिलेरी का निजी सर्वर सुरक्षित था या नहीं।