यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अचानक हमले से निपटने के लिए चीन ने किया अभ्यास
कोरियाई प्रायद्वीप के नजदीक बोहाई सागर में हुए इस अभ्यास में अचानक हमले से निपटने का रिहर्सल किया गया।

बीजिंग, रायटर/एपी: उत्तर कोरिया के हाइड्रोजन बम परीक्षण के बाद कोरियाई प्रायद्वीप में बढ़े तनाव के बीच गुरुवार को चीन की सेना ने सैन्य अभ्यास किया। कोरियाई प्रायद्वीप के नजदीक बोहाई सागर में हुए इस अभ्यास में अचानक हमले से निपटने का रिहर्सल किया गया।
देखा गया कि अचानक हमला होने पर चीनी सैनिक कितनी देर में हरकत में आते हैं। उल्लेखनीय है कि प्रायद्वीप में अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने विमानवाहक पोत समेत भारी हथियारों की तैनाती कर रखी है। सैन्य अभ्यास में चीन की एंटी एयरक्राफ्ट डिफेंस बटालियन ने हिस्सा लिया। यह बटालियन कम ऊंचाई वाले हमलावर हथियारों आदि से निपटने में सक्षम है।
परमाणु परीक्षण के बाद बढ़े तनाव के बावजूद उत्तर कोरिया से लगने वाली चीन की सीमा पर सब कुछ सामान्य है। चीन के सीमावर्ती शहर डेंडोंग के कारखानों में पहले की तरह काम हो रहा है और वहां पर उत्तर कोरिया के लोग काम कर रहे हैं। इसी प्रकार से चीन और उत्तर कोरिया के बीच ट्रकों का आना-जाना जारी है। गर्मी के मौसम की पर्यटन संबंधी गतिविधियां खत्म होने को हैं लेकिन उस पर तनाव का खास असर नहीं पड़ा है। होटल संचालकों के अनुसार तनाव का आमजनों पर असर नहीं है।
