चीन ने शिनजियांग के आठ आतंकवादियों की दी फांसी
चीन में ऐतिहासिक थ्येन आनमन चौक पर पिछले साल हुए आत्मघाती हमले के तीन साजिशकर्ताओं समेत अशांत शिनजियांग प्रांत के आठ आतंकवादियों को फांसी दी गई। इस हमले में तीन लोग मारे गए थे और 39 घायल हुए थे।
बीजिंग। चीन में ऐतिहासिक थ्येन आनमन चौक पर पिछले साल हुए आत्मघाती हमले के तीन साजिशकर्ताओं समेत अशांत शिनजियांग प्रांत के आठ आतंकवादियों को फांसी दी गई। इस हमले में तीन लोग मारे गए थे और 39 घायल हुए थे।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने रविवार को अपनी रिपोर्ट में बताया कि सुप्रीम पीपुल्स कोर्ट द्वारा उनकी मौत की सजा को सही ठहराए जाने के बाद फांसी दी गई। यह सजा पांच अपराधों में दी गई। इनमें बीजिंग में स्थित थ्येन आनमन चौक पर आतंकी हमला, अकसू में पुलिस से हथियार छीनना, काशगर में नागरिकों की हत्या व विस्फोटकों का अवैध निर्माण, आतंकवादी संगठन का गठन और होतान में सरकारी अधिकारियों की हत्या शामिल है। सरकारी मीडिया द्वारा शनिवार देर रात फांसी की खबर जारी की गई और टेलीविजन पर सभी को ट्रायल का सामना करते हुए दिखाया गया। उल्लेखनीय है कि पश्चिमी प्रांत शिनजियांग में उइगरों की बड़ी आबादी रहती है। वे दूसरे प्रांतों से हान्स समुदाय के लोगों के बसाए जाने से नाराज हैं और उन्हें हमलों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि ईस्ट तुर्किस्तान इस्लामिक मूवमेंट (ईटीआइएम) नामक अलकायदा समर्थित आतंकवादी संगठन द्वारा हमलों को अंजाम दिया जा रहा है। इस संगठन को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से प्रांत की लगती सीमाओं से फायदा होता है। वह लंबे समय से स्वतंत्र पूर्वी तुर्किस्तान की मांग कर रहा है। पिछले साल से शिनजियांग और प्रांत के बाहर कई स्थानों पर हमले हुए जिसमें भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाया गया।