विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाक के लिए फिर जागा चीनी प्रेम, कहा- आतंकवाद के खिलाफ अच्छा काम किया

By Manish NegiEdited By:
Published: Fri, 08 Sep 2017 08:42 PM (IST)Updated: Sat, 09 Sep 2017 08:15 AM (IST)

चीन ने कहा कि पाक ने आतंकवाद का मुकाबला करने के लिये सबसे अच्छा काम किया है। 'कुछ देशों' को इसके लिये पाकिस्तान को पूरा श्रेय देना चाहिये।

पाक के लिए फिर जागा चीनी प्रेम, कहा- आतंकवाद के खिलाफ अच्छा काम किया
पाक के लिए फिर जागा चीनी प्रेम, कहा- आतंकवाद के खिलाफ अच्छा काम किया

बीजिंग, प्रेट्र। हाल ही में चीन समर्थित ब्रिक्स सम्मेलन में पाकिस्तान के आतंकी संगठनों लश्कर और जैश-ए-मुहम्मद की जमकर आलोचना की गई। लेकिन अब चीन ने फिर आतंकवाद के क्षेत्र में पाकिस्तान के समर्थन का राग गाना शुरू कर दिया। चीन ने कहा कि पाक ने आतंकवाद का मुकाबला करने के लिये सबसे अच्छा काम किया है। 'कुछ देशों' को इसके लिये पाकिस्तान को पूरा श्रेय देना चाहिये।

चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने शुक्रवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि पाकिस्तान अच्छा भाई और चीन का मजबूत दोस्त है। उल्लेखनीय है कि आसिफ चीन दौरे पर इसलिये पहुंचे हैं क्योंकि ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान मेजबान देश चीन ने भी भारत समेत अन्य सदस्य देशों के साथ आतंकवाद के खिलाफ कड़े प्रस्ताव का समर्थन किया था। इस प्रस्ताव में पाकिस्तानी आतंकवादी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मुहम्मद और हक्कानी नेटवर्क के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया गया था।

ब्रिक्स घोषणापत्र के जिक्र को टालते हुए वांग ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान की सरकार और लोगों ने बहुत प्रयास किये हैं। आतंकवाद से मुकाबले के लिये उन्होंने बहुत बलिदान दिये हैं। इन प्रयासों और बलिदान को हर किसी को देखना चाहिये।

वांग ने कहा कि आतंकवाद एक वैश्विक मुद्दा है और सभी देशों की ओर से इस पर सख्त रुख अपनाया जाना चाहिए। एक-दूसरे पर दोषारोपण के बजाय विभिन्न देशों को एक साथ काम करना चाहिए। कई सालों से पाकिस्तान आतंकवाद का शिकार है। पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ सहयोग करने में अग्रणी है।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने आखिरकार माना, उसकी जमीन पर सक्रिय हैं जैश व लश्कर