यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कंबोडिया सरकार विपक्ष के चुनाव लड़ने पर लगाएगी रोक
कंबोडिया की मुख्य पार्टी सीएनआरपी के अध्यक्ष केम सोखा को बीते रविवार को देशद्रोह के आरोप में पकड़ा गया था।

नॉम पेन्ह, रायटर।कंबोडिया में मुख्य विपक्षी दल के चुनाव लड़ने पर रोक लग सकती है। सरकार ने आगाह किया है कि अगर कंबोडिया नेशनल रेस्क्यू पार्टी (सीएनआरपी) देशद्रोह के आरोप में फंसे अपने अध्यक्ष केम सोखा को नहीं हटाती तो वह चुनावी मैदान में नहीं उतर पाएगी। हालांकि सीएनआरपी ने अपने नेता को हटाने से इंकार कर दिया है। साथ ही आशंका जताई है कि प्रधानमंत्री हुन सेन अगले साले होने वाले आम चुनाव से पहले विपक्षी पार्टी को कमजोर करना चाहते हैं।
केम सोखा को बीते रविवार को गिरफ्तार किया गया था। इसकी कई पश्चिमी देशों ने आलोचना की है। उनकी गिरफ्तारी को हुन सेन के आलोचकों पर कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। सेन पिछले तीन दशक से शासन कर रहे हैं और इस बात की संभावना जताई जा रही है कि चुनाव में उन्हें सीएनआरपी से कड़ी टक्कर मिल सकती है। सरकार के प्रवक्ता फेय सिफान ने मंगलवार को कहा, 'सोखा को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त करना होगा। अगर उन्होंने कानून का पालन नहीं किया तो उनको राजनीतिक गतिविधियों का अधिकार नहीं होगा। यह उनको तय करना है मुझे नहीं।' केम सोखा की बेटी और पार्टी की पदाधिकारी केम मोनोविता ने कहा कि सीएनआरपी नया नेता नियुक्त नहीं करेगी। सत्तारूढ़ दल विपक्ष को बांटने और जीतने की योजना छोड़ दे। सोखा को इसी साल फरवरी में अध्यक्ष बनाया गया था। उनके पूर्ववर्ती ने इस डर से अध्यक्ष पद छोड़ दिया था कि अगर वह पद पर बने रहे तो पार्टी पर प्रतिबंध लग सकता है।
