विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 11, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मोदी की यात्रा के दौरान मॉरीशस व सेशेल्स से समझौते

By Sudhir JhaEdited By:
Published: Wed, 11 Mar 2015 10:58 AM (IST)Updated: Thu, 12 Mar 2015 02:35 AM (IST)

हिंद महासागर में अपनी भूमिका बढ़ाते हुए भारत ने बुधवार को मॉरीशस और सेशेल्स के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

पोर्ट लुईस। हिंद महासागर में अपनी भूमिका बढ़ाते हुए भारत ने बुधवार को मॉरीशस और सेशेल्स के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन दोनों देशों को भारत का भरोसेमंद साथी करार दिया। तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को मॉरीशस पहुंचे। पोर्ट लुईस हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बाद में राष्ट्रपति राजकेश्वर प्रयाग और प्रधानमंत्री जगन्नाथ के साथ मोदी ने आपसी संबंधों पर चर्चा की। इस दौरान मोदी ने इस द्वीपीय देश को विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए 50 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 31 सौ करोड़ रुपये) की मदद देने की घोषणा की।

शीर्ष स्तर पर वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच समुद्री अर्थव्यस्था सहित पांच समझौतों पर दस्तखत किए गए। दोनों देशों के अधिकारियों ने समुद्री और वायु परिवहन की सुविधा, परंपरागत औषधि व होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति में सहयोग और भारत से ताजे आम के आयात को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए। मॉरीशस ने भी दोहरे कराधान से बचने के लिए सूचना साझा करने की पेशकश की। बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मोदी मॉरीशस के स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। वे यहां की संसद को संबोधित करने के अलावा कई अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।

सेशेल्स के साथ संबंधों का नया अध्याय

पिछले 34 सालों में पहली बार हो रही किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान सेशेल्स के साथ संबंधों का नया अध्याय लिखने की कोशिश की गई। सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया में मोदी और मेजबान राष्ट्रपति जेम्स एलिक्स माइकल की मौजूदगी में चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। मोदी मंगलवार रात को सेशेल्स पहुंचे थे। बुधवार को दोनों नेताओं के बीच आपसी संबंध बढ़ाने को लेकर बातचीत हुई।

सेशेल्स को विश्वसनीय मित्र और रणनीतिक भागीदार बताते हुए मोदी ने कहा कि हमारी सुरक्षा साझेदारी मजबूत है। इसने क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा की साझा जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए हमें सक्षम बनाया है। उन्होंने कहा कि ङ्क्षहद महासागर के द्विपक्षीय देशों के साथ मजबूत संबंध भारत की सुरक्षा एवं प्रगति के लिए आवश्यक है। सेशेल्स ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के नागरिकों के लिए तीन माह का मुफ्त वीजा और आगमन पर वीजा प्रदान करने की घोषणा की। भारतीय समुदाय के लोगों ने यहां मोदी का जोरदार स्वागत किया। प्रधानमंत्री के लिए आयोजित एक सम्मान समारोह में अनिवासी भारतीयों ने 'मोदी-मोदी', 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' नारे लगाते हुए उनका अभिवादन किया। मोदी के साथ विदेश सचिव एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल भी मौजूद थे।

ड्रोनियर विमान देगा भारत

राष्ट्रपति माइकल के साथ चर्चा के बाद प्रेस वार्ता में मोदी ने कहा कि भारत सेशेल्स को दूसरा ड्रोनियर विमान देगा। उन्होंने यहां पर तटीय निगरानी रडार परियोजना शुरू की और इसे दोनों देशों के बीच सहयोग का एक और प्रतीक करार किया। मोदी ने माइकल को भारत आने का न्योता भी दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

जलवायु परिवर्तन पर जताई चिंता

अपने सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम में मोदी ने जलवायु परिवर्तन के कारण छोटे द्वीपीय देशों पर मंडरा रहे खतरों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन के खिलाफ मुहिम में अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह जागरूक है। उन्होंने आतंकवाद की तरह जलवायु परिवर्तन को भी बड़ा खतरा करार दिया और कहा कि भारत इसी जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए अक्षय ऊर्जा और सार्वजनिक परिवहन के साधनों को बढ़ावा दे रहा है।

पढ़ेंः 33 साल बाद सेशल्स पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।