यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अलकायदा अब भी दुनिया के लिए खतरा
संयुक्त राष्ट्र। अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद उसके उत्तराधिकारी संगठन को एकजुट करने के लिए संघर्ष ...और पढ़ें

संयुक्त राष्ट्र। अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद उसके उत्तराधिकारी संगठन को एकजुट करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद अलकायदा दुनिया के लिए खतरा बना हुआ है। संयुक्त राष्ट्र की हाल में जारी रिपोर्ट में यह बात कही गई है।
विशेषज्ञों के एक समूह द्वारा संयुक्त राष्ट्र को सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा प्रमुख अयमान अल जवाहिरी पाकिस्तान में संगठन के मुख्य नेतृत्व को फिर स्थापित करने में असफल रहा है। लेकिन अलकायदा और उससे संबंधित संगठन अब भी घातक हमले करने में सक्षम हैं और नई नई जगहों को निशाना बना रहे हैं। रिपार्ट के मुताबिक माली में फ्रांसीसी सेना और सोमालिया में अफ्रीकी संघ के अभियान के कारण अलकायदा के लड़ाकों को पीछे हटना पड़ा। हालांकि अलकायदा और उससे जुड़े आतंकी संगठनों में पहले की तुलना में अधिक मतभेद हैं और वे केवल एक कमजोर विचारधारा के माध्यम से ही एकजुट हैं लेकिन आतंकवादी हमलों के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। बंटा हुआ और कमजोर अलकायदा अभी समाप्त नहीं हुआ है। अलकायदा की कम होती क्षमताओं का मतलब यह नहीं है कि उसके हमलों का खतरा समाप्त हो गया है। संगठन आतंकी गुटों को एकजुट करने के लिए संघर्ष कर रहा है।
हार की कगार पर है अलकायदा: ओबामा :
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अलकायदा का नेतृत्व हार की कगार पर है। लेकिन इस आतंकी समूह के साथ लड़ाई अभी बाकी है। उन्होंने यह बात कैलिफोर्निया स्थित पेंडलेटन सैन्य अड्डे पर तीन हजार नौ सैनिकों को संबोधित करते हुए कही। इस सैन्य अड्डे के 320 सैनिक अफगानिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मारे जा चुके हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
