यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 28, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यमन : फिदायीन हमले में 42 मरे, हमलावर ने पूछा- क्या मैं खाना खा सकता हूं
यमन के मकुल्ला शहर में आइएस के आत्मघाती हमले में 42 लोगों की मौत हो गयी है।

अदन(भाषा)। यमन के मुकल्ला शहर में सैन्य बलों को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमलों में कम से कम 42 लोग मारे गए। इन हमलों की जिम्मेदारी आईएस ने ली है। हदरामावत प्रांत की राजधानी मुकल्ला एक वर्ष तक अलकायदा के नियंत्रण में रही थी। लेकिन सउदी गठबंधन के समर्थन वाले सरकार समर्थक बलों ने अप्रैल में इस शहर पर फिर से कब्जा कर लिया था। अधिकारी के मुताबिक पहला हमला उस समय हुआ जब मोटरसाइकिल पर सवार एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ाने से पहले जवानों से पूछा कि क्या वह उनके साथ भोजन कर सकता है।
अमेरिका के साइट इंटेलिजेंस ग्रुप के अनुसार आईएस ने इन हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए एक बयान में कहा कि उसके आठ आत्मघाती हमलावरों के हमले में यमनी सुरक्षाबलों के 50 सदस्य मारे गए। प्रांत के गवर्नर अहमद सईद बिन ब्रेयक ने पूर्व में कहा था कि मुकल्ला में चार क्षेत्रों में पांच आत्मघाती हमले हुए हैं।
एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि तटीय शहर में सूर्यास्त के समय सुरक्षा चौकियों को एक साथ तीन जगह उस समय निशाना बनाया गया जब जवान अपना रोजा खोल रहे थे।
