बीते साल 10 लाख पाकिस्तानियों ने छोड़ा देश
बेहतर मौकों की तलाश में बीते साल करीब 10 लाख पाकिस्तानियों ने देश छोड़ा। सीनेट की प्रवासी और मानव संसाधन विकास समिति की गुरुवार को जारी रिपोर्ट में यह बात कही गई है।
इस्लामाबाद, प्रेट्र । बेहतर मौकों की तलाश में बीते साल करीब 10 लाख पाकिस्तानियों ने देश छोड़ा। सीनेट की प्रवासी और मानव संसाधन विकास समिति की गुरुवार को जारी रिपोर्ट में यह बात कही गई है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने रिपोर्ट के हवाले से बताया है कि 1971 के बाद से 90 लाख से अधिक पाकिस्तानियों ने ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन एंड ओवरसीज इम्प्लॉयमेंट के माध्यम से पलायन किया है।
पाक को तीन हजार करोड़ की सैन्य मदद पर खतरे के बादल
रिपोर्ट के अनुसार रोजगार की तलाश में देश छोड़ने वाले पाकिस्तानी नागरिकों की संख्या 2015 में 9,46,571 रही। साल 2013 से 23.2 लाख पाकिस्तानी काम की तलाश में देश छोड़ चुके हैं। छह फीसद पाकिस्तानी खाड़ी देशों में गए हैं। एक फीसद यूरोपीय संघ और अन्य विकसित देशों में गए हैं। तीन फीसद लोग मलेशिया, लीबिया और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में गए हैं। शेष पाकिस्तानी दुनिया के किन-किन हिस्सों में गए हैं इसके बारे में रिपोर्ट में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
प्रवासी और मानव संसाधन विकास मामलों के सचिव खिज्र हयात खान ने बताया कि पाकिस्तान की कुल आबादी का केवल 12 फीसद लोग खैबर पख्तूनख्वा में रहते हैं। लेकिन, परदेश में काम कर रहे 26 फीसद पाकिस्तानी इसी इलाके से हैं। इसी तरह संघ शासित कबायली इलाकों से 50 हजार लोगों ने परदेश का रूख किया है।