इस बार एचआइएल में जलवा नहीं बिखेरेगी रांची राइनोज
हॉकी इंडिया लीग (एचआइएल) में इस बार रांची राइनोज की टीम नजर नहीं आएगी। टीम प्रबंधन ने एचआइएल के तीसरे संस्करण में टीम ना उतारने
संजीव रंजन, रांची। हॉकी इंडिया लीग (एचआइएल) में इस बार रांची राइनोज की टीम नजर नहीं आएगी। टीम प्रबंधन ने एचआइएल के तीसरे संस्करण में टीम ना उतारने का फैसला किया है। रांची राइनोज प्रबंधन द्वारा टीम ना उतारने के निर्णय के बाद नई टीम को शामिल किया जा सकता है।
दूसरे संस्करण के दौरान ही रांची राइनोज के टीम प्रबंधन ने हॉकी इंडिया के रवैये पर नाराजगी जताई थी और उसी समय से यह कयास लगाया जा रहा था कि प्रबंधन टीम ना उतारने का फैसला किसी भी समय ले सकती है। रांची राइनोज की टीम ने पहले सत्र में हॉकी इंडिया लीग का खिताब जीता था जबकि दूसरे संस्करण में टीम उपविजेता रही थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रांची राइनोज प्रबंधन ने झारखंड में हॉकी को प्रमोट करने के लिए काफी पैसे खर्च किए। एचआइएल के बाद प्रबंधन द्वारा झारखंड के ग्र्रामीण इलाकों में हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन कराया गया, खिलाडिय़ों के बीच किट का भी वितरण किया गया। इसके बावजूद हॉकी इंडिया की तरफ से उन्हें किसी तरह का प्रोत्साहन नहीं मिला। एचआइएल में दो साल खेलने के बावजूद टीम को एक भी प्रायोजक नहीं मिला। जबकि टीम प्रबंधन प्रत्येक वर्ष खिलाडिय़ों पर छह से सात करोड़ खर्च कर रही थी। इसके उलट एचआइएल की अन्य टीमों को प्रायोजक आसानी से मिल रहे थे। टीम प्रबंधन को आशा थी कि हॉकी इंडिया इस दिशा में कुछ मदद करेगा। लेकिन दो साल के बाद भी हॉकी इंडिया का रवैया संतोषजनक नहीं रहा। इस कारण टीम प्रबंधन को यह निर्णय लेना पड़ा।