पैराएशियन गेम्स: भारत ने जीते दो स्वर्ण सहित छह पदक
भारत ने इंचियोन पैराएशियन गेम्स के दूसरे दिन दो स्वर्ण सहित छह पदक हासिल किए। दो स्वर्ण के अलावा जीते गए एक रजत और तीन
इंचियोन। भारत ने इंचियोन पैराएशियन गेम्स के दूसरे दिन दो स्वर्ण सहित छह पदक हासिल किए। दो स्वर्ण के अलावा जीते गए एक रजत और तीन कांस्य पदक की मदद से इन खेलों में भारत कुल 12 पदकों (दो स्वर्ण, पांच रजत, पांच कांस्य ) के साथ पदकतालिका में 11वें स्थान पर पहुंच गया है। चीन 115 पदक के साथ शीर्ष पर है, जबकि मेजबान कोरिया (54) और जापान (52) क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं।
पहला पदक अमित कुमार ने एथलेटिक्स के क्लब थ्रो एफ 31/32/51 में दिलाया, जबकि दूसरा स्वर्ण शरद कुमार ने पुरुषों की हाई जंप टी 42/44/47 में दिलाया। 2012 लंदन पैरालंपिक गेम्स की ऊंची कूद में रजत झटकने वाले एचएन गिरीशा को स्पर्धा में कांस्य से संतोष करना पड़ा। 2013 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले देवेंद्र झाझरिया ने जेवलिन थ्रो एफ 46 स्पर्धा में रजत पदक जीता। उनके अलावा अंकुर धमा (पुरुष 1500 मीटर टी 11) और शरत महादेवराव गायकवाड़ (पुरुष 100 मीटर बटरफ्लाई एस8) ने भारत के लिए कांस्य जीता। इन गेम्स में 90 एथलीट भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।