मुक्केबाजी की नई संस्था बनी, जाजोडिया निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए
भारतीय मुक्केबाजी को लेकर पिछले डेढ़ साल से चला आ रहा गतिरोध आखिरकार गुरुवार को नई संस्था के गठन के साथ ही खत्म हो गया।
मुंबई। भारतीय मुक्केबाजी को लेकर पिछले डेढ़ साल से चला आ रहा गतिरोध आखिरकार गुरुवार को नई संस्था के गठन के साथ ही खत्म हो गया। उद्योगपति संदीप जाजोडिया नई संस्था के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। उनका कार्यकाल चार वर्ष का होगा। जाजोडिया छत्तीसगढ़ मुक्केबाजी संघ का प्रतिनिधित्व करते हैं।
बॉक्सिंग इंडिया के चुनाव अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ (एआइबीए) के दो पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में गुप्त मतदान के जरिये हुए। एआइबीए में भारतीय पर्यवेक्षक किशन नरसी ने कहा कि चुनाव में 33 इकाइयों ने भाग लिया। महाराष्ट्र के जय कोवाली को बॉक्सिंग इंडिया का महासचिव चुना गया। उन्हें 32 वोट मिले। उनके अलावा दो और लोग मैदान में थे। असम के हेमंत कुमार कालिता कोषाध्यक्ष चुने गए। उन्होंने दो अन्य प्रतिद्वंद्वियों को 41 वोटों से पराजित किया। दस उपाध्यक्ष और दस सदस्यीय कार्यकारी परिषद की भी घोषणा की गई। निरसी के साथ विश्व संस्था की कानूनी मैनेजर क्लाइओडन पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहीं। नरसी ने कहा कि अगले हफ्ते दक्षिण कोरिया में शुरू होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों के तिरंगे तले भाग लेने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।