प्रो-कुश्ती लीगः लीग दौर में अपराजेय रहा मुंबई गरुड़
मुंबई गरुड़ की टीम प्रो कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) के लीग दौर में अपराजेय रही। मुंबई ने गुरुवार को अपने अंतिम राउंड रॉबिन मुकाबले में हरियाणा हैमर्स को 4-3 से पराजित कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान बनाए रखा। मुंबई गरुड़ के शानदार प्रदर्शन में उसकी कप्तान एडलिन ग्रे, जियार्जी और
बेंगलुरु। मुंबई गरुड़ की टीम प्रो कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) के लीग दौर में अपराजेय रही। मुंबई ने गुरुवार को अपने अंतिम राउंड रॉबिन मुकाबले में हरियाणा हैमर्स को 4-3 से पराजित कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान बनाए रखा। मुंबई गरुड़ के शानदार प्रदर्शन में उसकी कप्तान एडलिन ग्रे, जियार्जी और रितु फोगाट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिन्होंने टूर्नामेंट में अपने सभी पांचों मैच जीते।
राहुल अवारे ने पुरुषों के 57 किलो भार वर्ग में हरियाणा के नितिन कुमार को 7-2 से हराकर मुंबई को 1-0 से बढ़त दिलाई। मुकाबले से पहले चोटिल हो गए योगेश्वर दत्त की जगह हरियाणा की कप्तानी कर रही ओक्साना ने महिलाओं के 58 किलो वर्ग में मुंबई की साक्षी मलिक को 4-2 से शिकस्त देकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। पुरुषों के 74 किलो वर्ग में हरियाणा हैमर्स के लिवान लोपेज ने मुंबई के प्रदीप को 11-0 से रौंदकर अपनी टीम का पलड़ा भारी बनाए रखा।
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मुंबई की आइकन खिलाड़ी और कप्तान एडलिन ग्रे ने महिलाओं के 69 किलो वर्ग में हरियाणा की गीतिका जाखड़ को 7-1 से हराकर एक बार फिर स्कोर (2-2) बराबर कर दिया। मुंबई के जियार्जी ने पुरुषों के 125 किलो वर्ग में हरियाणा के हितेंद्र को 10-0 से रौंदकर अपनी टीम को 3-2 से आगे कर दिया। पिछड़ रहे हरियाणा को अपनी उम्मीदें बनाए रखने के लिए अगले मैच में जीत की जरूरत थी, लेकिन मुंबई की रितु फोगाट ने महिलाओं के 48 किलो वर्ग में निर्मल देवी को 5-4 से पछाड़ कर उसकी आशाओं पर तुषारापात कर दिया। इसके बाद पुरुषों के 97 किलो वर्ग में हरियाणा के वेलर्जी और मुंबई के एलिजबार के बीच अंतिम बाउट तो महज औपचारिकता रह गई। हालांकि हरियाणा के वेलर्जी ने एलिजबार को 2-1 से हराकर अपनी टीम की पराजय का अंतर कम किया। इस मुकाबले के साथ ही पीडब्ल्यूएल का लीग दौर समाप्त हो गया।