एशियाड मेजबानी: दो दिन में मिल सकती है आइओए को नई तारीख
201
नई दिल्ली, [अभिषेक त्रिपाठी]। नई दिल्ली। 2019 एशियाई खेलों की मेजबानी का दावा करने के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) ने एशिया ओलंपिक परिषद (ओसीए) को पत्र लिखकर 15 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है। मेजबानी का दावा पेश करने की आखिरी तारीख एक जुलाई थी लेकिन समय रहते खेल मंत्रालय से अनुमति नहीं मिलने और जरूरी कागजात पूरे नहीं होने के कारण आइओए ने ओसीए से अतिरिक्त समय मांगा है।
आइओए महासचिव राजीव मेहता ने कहा 'मैंने मंगलवार को ओसीए को पत्र लिखकर भेज दिया है। उम्मीद है कि दो दिन के भीतर हमें अतिरिक्त समय मिलने की आधिकारिक सूचना मिल जाएगी। मैंने ओसीए के अधिकारियों से बात भी की है। उनकी तरफ से सकारात्मक जवाब आए हैं।'
उन्होंने कहा कि भारत सरकार एशियाई खेल नई दिल्ली में आयोजित कराने के लिए पूरी तरह से गंभीर है। सरकार से हमें जरूरी समर्थन मिल रहा है। हम इस दौरान जरूरी प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हैं। आइओए ने केंद्र सरकार को एशियाई खेलों की बोली के संबंध में एक प्रेजेंटेशन सौंपा है। सरकार को इसे परखने और आगे की कार्रवाई करने के लिए कुछ समय चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए आइओए ने ओसीए से समय मांगा है। आइओए ने सरकार को जो प्रेजेंटेशन सौंपा है उसमें एशियाई खेलों के खर्च को इंच्योन में होने वाले एशियाई खेलों के बजट से कम रखा गया है। इस साल इंच्योन में होने वाले एशियाई खेलों का कुल बजट 1.6 मिलियन अमेरिकन डॉलर (लगभग 9620 करोड़ रुपये) है।
मेहता का कहना है कि 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के कारण नई दिल्ली में खेलों के लिए आधारभूत ढांचा लगभग तैयार है। इसके चलते हमें आयोजन में ज्यादा रुपये खर्च नहीं करने होंगे।
2012 में हुई बोली प्रक्रिया में हनोई को 18वें एशियन खेलों की मेजबानी के लिए चुना गया था, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वियतनाम का यह शहर पीछे हट गया। इस कारण 2019 एशियन खेलों के मेजबान का चयन फिर से हो रहा है। इस पर आखिरी फैसला 20 सितंबर को होगा। भारत ने इससे पहले 2007 में 2014 एशियाई खेलों की मेजबानी का दावा भी किया था, लेकिन इंच्योन ने बाजी मार ली थी।