महिला निशानेबाजों ने रखी लाज, जीता कांस्य पदक
वर्षा वर्मन, शगुन चौधरी और श्रेयसी सिंह की भारतीय महिला निशानेबाजों की टीम ने डबल ट्रैप इवेंट में भारत को आज एक कांस्य पदक दिलाया,
इंचियोन। वर्षा वर्मन, शगुन चौधरी और श्रेयसी सिंह की भारतीय महिला निशानेबाजों की टीम ने डबल ट्रैप इवेंट में भारत को आज एक कांस्य पदक दिलाया, जिसने काफी हद तक शूटिंग रेंज में भारत की लाज रख ली क्योंकि इसके अलावा लगातार दूसरे दिन किसी भी स्पर्धा में निशानेबाज पदक जीतने में असफल रहे।
पिस्टल और रायफल रेंज में गगन नारंग जैसे दिग्गज भी फ्लॉप साबित हुए और लगातार दूसरे दिन भारतीय निशानेबाज बिना पदक के ही रहे। भला हो भारतीय महिला निशानेबाजों की टीम का जिन्होंने डबल ट्रैप में भारत को एक कांस्य हासिल कराया। पुरुषों की स्पर्धा में गगन नारंग ना तो व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीत सके और ना ही 50 मीटर रायफल प्रतियोगिता में टीम के साथ पदक जीत पाए। उनके अलावा पिस्टल शूटर गुरप्रीत सिंह, महावीर सिंह और समरेश जंग ने भी निराश ही किया।
महिलाओं की डबल ट्रैप स्पर्धा में शगुन ने 120 शॉट में 96 शॉट्स लगाए जिसके साथ ही वह 8वें स्थान पर रहीं, श्रेयसी 94 के स्कोर के साथ 10वें स्थान पर रहीं जबकि वर्षा का शुरुआती प्रदर्शन इससे भी खराब रहा और वह चार राउंड की टैली के बाद 89 अंक ही बना सकीं। हालांकि इन तीनों के संयुक्त प्रयास से 279 हासिल हुए जो कि स्वर्ण पदक विजेता और विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली चीन की टीम (315 अंक) से काफी पीछे थे। रजत पदक कोरिया के हाथों में आया जिन्होंने 324 अंक हासिल किए। चूंकि भारतीय टीम चौथे स्थान पर मौजूद चीनी तैइपे (268) से आगे था इसलिए उन्हें कांस्य पदक मिल गया। वहीं, व्यक्तिगत स्पर्धा में कोरिया की किम मिजिन ने 110 के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।