भारतीय महिला हॉकी टीम ने पोलैंड को रौंदा
भारतीय लड़कियों ने एफआइएच वर्ल्ड हॉकी लीग राउंड-2 में अपना दबदबा जारी रखते हुए रविवार को खेले गए फाइनल मैच में पोलैंड की चुनौती को 3-1 से ध्वस्त किया। वंदना कटारिया (15वें मिनट) के शानदार गोल की मदद से भारत ने शुरुआती बढ़त बनाई। दूसरे क्वार्टर में पोलैंड की लड़कियों
नई दिल्ली। भारतीय लड़कियों ने एफआइएच वर्ल्ड हॉकी लीग राउंड-2 में अपना दबदबा जारी रखते हुए रविवार को खेले गए फाइनल मैच में पोलैंड की चुनौती को 3-1 से ध्वस्त किया। वंदना कटारिया (15वें मिनट) के शानदार गोल की मदद से भारत ने शुरुआती बढ़त बनाई। दूसरे क्वार्टर में पोलैंड की लड़कियों ने पलटवार करते हुए 17वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। उनकी तरफ से पेनाल्टी कॉर्नर पर यह गोल ओरियाना वालसेक ने किया। भारत ने इस जीत के साथ वर्ल्ड लीग राउंड-3 टूर्नामेंट में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली, जो 2016 रियो ओलंपिक क्वालीफिकेशन का अंतिम चरण भी होगा।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीम गोल करने के लिए लंबे समय तक जूझती रही, लेकिन आखिरी लम्हों में सफलता भारत को मिली। रानी ने 44वें मिनट में मैदान गोल दागकर एक बार फिर भारत को 2-1 से बढ़त दिला दी। चौथे क्वार्टर में अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहीं भारतीय कप्तान रितु रानी ने 59वें मिनट में टीम का तीसरा और मैच का आखिरी गोल दागा। हरियाणा के शाहबाद की रहने वाली 23 वर्षीय रितु ने 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने की उपलब्धि पर कहा, 'भारतीय हॉकी को अपनी सेवा और योगदान देकर मैं गौरवांवित महसूस कर रही हूं। यह बहुत खास अनुभूति है। मुझे उम्मीद है कि मैं इसी जोश और समर्पण के साथ आगे भी देश का प्रतिनिधित्व करूंगी।'
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने थाइलैंड को 3-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि रूस ने कजाखिस्तान को 9-0 से करारी शिकस्त देते हुए पांचवें स्थान पर कब्जा जमाया। घाना ने सिंगापुर को 2-1 से हराकर सातवां स्थान हासिल किया।