ग्लास्गो 2014: भारतीय हॉकी टीम ने स्कॉटलैंड को 6-2 से हराया
भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में मेजबान स्कॉटलैंड को हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। पूल 'ए' मुकाबले में शनिवार को भारतीय टीम ने वीएस रघुनाथ और रुपिंदर सिंह के दमदार प्रदर्शन से स्कॉटिश टीम को 6-2 से हराया। इन दोनों के दो-दो गोल के अलावा भारत के लिए गुरबाज सिंह और गुरविंदर
ग्लास्गो। भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में मेजबान स्कॉटलैंड को हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। पूल 'ए' मुकाबले में शनिवार को भारतीय टीम ने वीएस रघुनाथ और रुपिंदर सिंह के दमदार प्रदर्शन से स्कॉटिश टीम को 6-2 से हराया। इन दोनों के दो-दो गोल के अलावा भारत के लिए गुरबाज सिंह और गुरविंदर सिंह चांडी ने भी गोल दागे।
दावेदार के तौर पर उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। छठे मिनट में ही गुरबाज ने स्कॉटिश डिफेंडरों को छकाते हुए गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। आठवें मिनट में भारत को पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन रघुनाथ इसे गोल में तब्दील करने में असफल रहे। इसके बाद 22वें मिनट में मेहमान टीम को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इस बार रघुनाथ ने कोई गलती नहीं करते हुए गोल दाग भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया।
पहला हाफ खत्म होने से पहले भारत को दो और पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय खिलाड़ी कोई गोल नहीं कर सके। दूसरे हाफ के पहले ही मिनट में भारत के लिए रुपिंदर ने पेनाल्टी पर गोल कर टीम को 3-0 से आगे कर दिया। चार मिनट बाद ही चांडी ने मैदान गोल कर इस बढ़त को 4-0 किया। इसके बाद भी भारत ने आक्रामक खेल जारी रखा और उसकी मिडफील्ड और फॉरवर्ड लाइन ने बेहतरीन तालमेल दिखाया।
44वें मिनट में भारत ने पेनाल्टी कॉर्नर अर्जित किया और रघुनाथ ने इसे गोल में बदल कर टीम को 5-0 से आगे कर दिया। पांच मिनट बाद रुपिंदर ने भारत के लिए अपना दूसरा और भारत के लिए छठा गोल दागा। इसके बाद स्कॉटलैंड के लिए केनी बेन ने स्थानीय प्रशंसकों को थोड़ा जश्न मनाने का मौका दिया और उन्होंने 56वें मिनट में टीम के लिए पहला गोल दागा।
मैच खत्म होने से दो मिनट पहले मेजबान टीम के लिए निकोलस पार्केस ने गोल कर टीम गोल अंतर को 2-6 किया।
पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स: राही ने 25 मीटर एयर पिस्टल में जीता स्वर्ण
कॉमनवेल्थ गेम्स: प्रकाश ने दस मीटर एयर पिस्टल में जीता सिल्वर