सैग खेलः तीरंदाजों का सटीक निशाना, महिला फुटबॉल टीम ने किया निराश
लंबे समय बाद वापसी कर रहे गत चैंपियन तरुणदीप राय और ओलंपिक में पदक की उम्मीद दीपिका कुमारी ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) की रिकर्व तीरंदाजी स्पर्धा के अपने-अपने क्वालीफिकेशन दौर में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
शिलांग। लंबे समय बाद वापसी कर रहे गत चैंपियन तरुणदीप राय और ओलंपिक में पदक की उम्मीद दीपिका कुमारी ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) की रिकर्व तीरंदाजी स्पर्धा के अपने-अपने क्वालीफिकेशन दौर में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
भारत कंपाउंड वर्ग में भी शीर्ष पर रहा, जिसमें अभिषेक वर्मा और पूर्वाशा शेंडे ने क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। एशियाई खेलों के प्रोटोकाल के अनुसार हर देश से दो तीरंदाज एलिमिनेशन राउंड तक पहुंचते हैं। भारत के ओलंपिक तीरंदाज जयंत तालुकदार बाहर हो गए, जबकि सेना के तीरंदाज गुरचरण बेसरा और तरुणदीप अंतिम दौर में पहुंचे।
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
शीर्ष दो पर रहने के बाद भारतीय तीरंदाजों को क्वार्टर फाइनल में बाई मिलेगा। टीम वर्ग में भारत शीर्ष पर रहा जिसमें तालुकदार भी शामिल थे। टीम स्पर्धा में भारत को सेमीफाइनल के लिए बाई मिलेगा। महिला रिकर्व वर्ग में दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी दीपिका और बोंबायला देवी क्रमश: 668 और 646 के स्कोर के साथ पहले दो स्थानों पर रहीं। लक्ष्मीरानी मांझी कट में प्रवेश नहीं कर सकीं।
महिला फुटबॉल में भारत ने निचली रैंकिंग वाले मालदीव के साथ गोलरहित ड्रॉ खेला। वहीं, नेपाल ने बांग्लादेश को 3-0 से हराया। भारत फीफा की महिला फुटबॉल रैंकिंग में 57वें, जबकि मालदीव 129वें स्थान पर है।