छेत्री की हैट्रिक से मुंबई की लगातार तीसरी जीत
भारतीय कप्तान सुनील छेत्री की शानदार हैट्रिक के दम पर मुंबई सिटी एफसी ने बुधवार को आइएसएल-2 में नार्थ ईस्ट युनाइटेड एफसी पर 5-1 से बड़ी जीत दर्ज की। मुंबई की यह लगातार तीसरी जीत है।
मुंबई। भारतीय कप्तान सुनील छेत्री की शानदार हैट्रिक के दम पर मुंबई सिटी एफसी ने बुधवार को आइएसएल-2 में नार्थ ईस्ट युनाइटेड एफसी पर 5-1 से बड़ी जीत दर्ज की। मुंबई की यह लगातार तीसरी जीत है।
स्टार फुटबॉलर छेत्री ने 25वें, 40वें और 48वें मिनट में गोल दागे, जबकि टीम के दो अन्य गोल हैती के सोनी नोर्डे और फ्रांज बर्टिन के नाम रहे।। छेत्री ने इस हैट्रिक के साथ अपने गोलों की संख्या छह पहुंचा दी और वह स्टीवन वेलेंसिया मेंदोजा के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्कोरर बन गए हैं। नार्थ ईस्ट युनाइटेड की ओर से एकमात्र गोल भारतीय मिडफील्डर बोईथांग हाओकिप ने किया।
- केरला के कोच टेलर ने पद छोड़ा
नई दिल्ली। इंडियन सुपर लीग में केरला ब्लास्टर्स की लगातार चार मुकाबलों में हार से आहत इंग्लैंड के पीटर टेलर ने कोच पद छोड़ दिया। टेलर के सहायक और ईस्ट बंगाल के पूर्व कोच ट्रेवर मोर्गन अब केरला ब्लास्टर्स के मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे। एक मैच में इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के भी कोच रहे टेलर पिछले कुछ समय से दबाव में थे, क्योंकि क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के सह स्वामित्व वाली ब्लास्टर्स ने छह अक्टूबर को शुरुआती मैच में जीत के बाद कोई मैच नहीं जीता। वह अभी आठ टीमों की अंकतालिका में सबसे निचली पायदान पर है। पिछले सत्र में ब्लास्टर्स उपविजेता रहा था।
- जीत के इरादे से उतरेगा एटीके
जागरण संवाददाता, कोलकाता। गत चैंपियन एटलेटिको डी कोलकाता (एटीके) लगातार दो हार के बाद अपनी गलतियों से सबक लेते हुए गुरुवार को यहां आइएसएल में दिल्ली डायनामोज के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी। डायनामोज के कोच और मार्की खिलाड़ी ब्राजील के रॉबर्टो कार्लोस अब फिट हैं और वह भी मैदान पर उतरने को तैयार हैं। लगातार हार से एटीके शीर्ष चार से बाहर हो गई है और उसके कई प्रमुख खिलाडि़यों के चोटिल होने से उसका प्रदर्शन प्रभावित हुआ है।