विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 18, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बजरंग ने दिलाया भारत को कांस्य

By Edited By:
Published: Wed, 18 Sep 2013 02:04 AM (IST)

पहलवान बजरंग ने मंगलवार को 60 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत को दूसरा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

बुडापेस्ट (हंगरी)। पहलवान बजरंग ने मंगलवार को 60 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत को दूसरा पदक दिलाया। कांस्य के लिए हुए मुकाबले में बजरंग ने मंगोलिया के न्याम ओचिर एंखसाइखान को नौ-दो से शिकस्त दी। इससे पहले सोमवार को अमित कुमार ने 55 किग्रा भार वर्ग में भारत को रजत पदक दिलाया था। इस तरह यह पहला मौका है, जब भारत ने विश्व चैंपियनशिप स्तर की पुरुष प्रतियोगिता में दो पदक जीते हैं।

इससे पहले चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारतीय पहलवानों को शुरुआती दौर में निराशा हाथ लगी थी। बजरंग, पवन कुमार (84 किग्रा) और हितेंद्र (120 किग्रा) जल्दी ही मुकाबले से बाहर हो गए। योगेश्वर दत्त की जगह टीम में शामिल किए गए बजरंग को 7-0 से हराने वाले बुल्गारिया के व्लादीमीर व्लादीमिरोव डुबोव ने फाइनल तक का सफर तय कर लिया, जिसकी वजह से बजरंग को रेपचेज में एक और मौका मिला, जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया। रेपचेज में उन्होंने पहले जापान के शोवो माएदा को पछाड़ा और फिर रोमानिया के इवान गुइदिया को पस्त करते हुए कांस्य पदक के लिए मुकाबले में जगह बनाई।

बजरंग के खिलाफ न्याम ओचिर की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन 20 वर्षीय भारतीय पहलवान ने पहले चरण के अंतिम लम्हों में वापसी करते हुए अपने विरोधी को मैट पर पटककर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। बजरंग ने इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और बेहतर तकनीकी खेल दिखाते हुए मंगोलियाई खिलाड़ी को मात दी।

अन्य भारतीय पहलवान हितेंद्र एकतरफा मुकाबले में जॉर्जिया के जेनो पेट्रियाशिवली से 0-8 से पराजित हुए। इन्हें पहले दौर में बाई मिली थी। पवन (8-9) को भी पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने पैप लाजलो स्पो‌र्ट्स एरेना में चीन के फेंग झांग को कड़ी टक्कर दी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर