अशोक होंगे ओलंपिक में भारत के पहले कुश्ती रेफरी
2016 में एशियन कुश्ती चैंपियनशिप बैंकाक व मंगोलिया में वर्ल्ड ओलंपिक क्वालीफायर मुकाबलों में शानदार रेफरिंग करने वाले हरियाणा के अशोक कुमार भनवाला को रियो ओलंपिक के लिए 50 रेफरियों के पैनल में शामिल किया गया है। अशोक यह उपलब्धि पाने वाले भारत के पहले कुश्ती रेफरी हैं।
अनिल भारद्वाज, गुड़गांव। 2016 में एशियन कुश्ती चैंपियनशिप बैंकाक व मंगोलिया में वर्ल्ड ओलंपिक क्वालीफायर मुकाबलों में शानदार रेफरिंग करने वाले हरियाणा के अशोक कुमार भनवाला को रियो ओलंपिक के लिए 50 रेफरियों के पैनल में शामिल किया गया है। अशोक यह उपलब्धि पाने वाले भारत के पहले कुश्ती रेफरी हैं।
यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने दोबारा 50 रेफरियों की सूची जारी की है। इससे पहले दिसंबर में सूची जारी हुई थी। जिसके बाद यूरोप और एशिया में आयोजित सभी प्रतियोगिताओं के अलावा सभी ओलंपिक क्वालीफायर राउंड में शामिल होने वाले रेफरियों को हर स्तर पर परखने के बाद सूची दोबारा जारी की गई है।
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
एयरफोर्स में कार्यरत सोनीपत के गांव कासंडी के भनवाला ने 2005 में एनआइएस से कोर्स करने के बाद 2005 में ग्रीस से इंटरनेशनल जज रेफरी की डिग्री हासिल की। उन्होंने 2007 में 'बी' ग्रेड हासिल किया। उसके बाद वह 2008 में टोक्यो में ग्रेड 'वन' और 2015 में वन सुपर ग्रेड तक पहुंचे। विश्व स्तर के रेफरियों की कतार में खड़े होने के बाद वह 2010 और 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स, 2008, 2009, 2014 और 2015 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रेफरी रहे।