पकिस्तान के इस चाय वाले ने रातों रात इंटरनेट की दुनिया में मचा दी धूम
पाकिस्तान के इस्लामाबाद के पेशावर चौक पर लगने वाले संडे बाजार में एक चाय की टपरी है। यहां एक नीली आंखों वाले हैंडसम युवक को देख..
नई दिल्ली, जेएनएन। भारत में चाय वाला बोलते ही लोग पीएम मोदी को याद करने लगते हैं वैसे ही पाकिस्तान में भी आजकल एक चाय वाला धूम मचा रहा है। हालांकि यह किसी बड़े पद पर नहीं है और ना ही कोई नेता है बल्कि यह चाय वाला तो अपने लुक्स के चलते दुनियाभर में सुर्खियां बटोर रहा है।
खबरों के अनुसार पाकिस्तान के इस्लामाबाद के पेशावर चौक पर लगने वाले संडे बाजार में एक चाय की टपरी है। यहां एक नीली आंखों वाले हैंडसम युवक को देखकर आप भी चौंक जाएंगे। इस युवक ने रातों रात इंटरनेट की दुनिया में धूम मचा दी है।
एक पाकिस्तानी फोटोग्राफर जिया अली द्वारा 14 अक्टूबर को ली गई इस चाय वाले की तस्वीर सोशल मीडिया में पोस्ट होने के बाद वायरल होने लगी और सोमवार को ट्विटर पर हैशटेग चाय वाला ट्रैंड करने लगा।
अर्शद नाम के इस चाय वाले ने एक स्थानीय न्यूज चैनल से बात करते हुए बताया कि वो 25 साल से इस्लामाबाद में रह रहा है और कुछ दिनों पहले ही इस चाय की दुकान पर काम करने लगा है। जब उससे पूछा गया कि क्या उसे पता है उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है तो अर्शद ने कहा कि उसे नहीं पता कि ट्विटर और इंस्टाग्राम क्या चीजें हैं।
अर्शद ने कहा कि वो इस तरह मशहूर होने से खुश है लेकिन जब लोग उसे घेरकर खड़े हो जाते हैं तो वो परेशान हो जाता है। लोगों ने अब तक उसकी 150 तस्वीरें ले ली हैं।
एक पोस्ट में पाकिस्तान यूजर ने भारत के लिए ट्वीट करते हुए लिखा है, हैलो भारतीयों, यह पाकिस्तान का एक चाय वाला है, माशाअल्लाह।
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि मैं आपके सामने एक चाय वाला पेश करता हूं जो शायद यह भूल गया कि उसे मॉडलिंग करनी चाहिए थी।
एक यूजर ने इसकी तुलना करण जोहर से करते हुए लिखा कि पाकिस्तान का चाय वाला भारत के कॉफी वाले से कहीं बेहतर है।
एक और यूजर ने लिखा है कि फवाद खान के बाद यह चाय वाला पाकिस्तानी लड़कियों का क्रश बन जाएगा।
लड़कियां भी इस चाय वाले के लुक्स पर फिदा हुए बिना नहीं रह पाईं और कई लड़कियों ने इसे पाक एक्टर फवाद खान से ज्यादा हैंडसम बताते हुए उसकी दुकान पर चाय पीने की इच्छा जताई है।