बैंकिंग अधिवेशन में भाग लेने मुंबई आएंगे योगी आदित्यनाथ
एसबीआई सूत्रों के मुताबिक चौथा एसबीआई बैंकिंग एंड इकोनॉमिक कॉनक्लेव पांच जुलाई को मुंबई के द ताज महल पैलेस होटल में आयोजित है।
ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगले सप्ताह पांच जुलाई को मुंबई आ रहे हैं। उन्हें केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के साथ भारतीय स्टेट बैंक द्वारा आयोजित एक बैंकिंग अधिवेशन में भाग लेना है।
एसबीआई सूत्रों के मुताबिक चौथा एसबीआई बैंकिंग एंड इकोनॉमिक कॉनक्लेव पांच जुलाई को मुंबई के द ताज महल पैलेस होटल में आयोजित है। इस बार कॉनक्लेव का विषय है – पाथफाइंडर्सः ए डिस्कवरी ऑफ वेज टु न्यू इंडिया (पथान्वेषीः नए भारत की ओर ले जानेवाले रास्तों की खोज)।
सम्मेलन में उद्धाटन भाषण के लिए केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली एवं बीज वक्तव्य के लिए अंतरराष्ट्रीय ख्याति के अर्थशास्त्री एवं नोबल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर पॉल क्रूगमैन को आमंत्रित किया गया है। पांच जुलाई की शाम पांच बजे से आयोजित इस सम्मेलन के पहले सत्र की अध्यक्षता एसबीआई की अध्यक्ष अरुंधती भट्टाचार्य करेंगी।
दूसरा सत्र ‘नए भारत का एजेंडा – स्थायी विकास के रास्ते’ विषय पर केंद्रित होगा। एसबीआई ने इस विषय पर विचार रखने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी की यह पहली मुंबई यात्रा होगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों का मुंबई दौरा इससे पहले भी होता रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री उद्योगपतियों से अपने प्रदेश में निवेश की अपील करने के लिए आते रहे हैं। सूत्रों के अनुसार योगी आदित्यनाथ भी अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने के बाद अपनी पहली मुंबई यात्रा के दौरान मुंबई में कुछ उद्योगपतियों से मिलकर उन्हें उत्तर प्रदेश के बदले हालात एवं बेहतर कानून व्यवस्था का हवाला देकर उनसे उत्तर प्रदेश में निवेश का आह्वान करेंगे।
यह भी पढ़ें: महागठबंधन में भारी दरार, क्या राष्ट्रपति चुनाव के बाद गिर जाएगी बिहार सरकार
यह भी पढ़ें: मुंबई धमाका: भारतीयों का खून बहाने दुबई अौर पाक से दौसा ने भेजा था हथियार