जब इंडिगो की फ्लाइट में लगे थे ISIS के नारे... थम गई लोगों की सांसे
गुरुवार को इंडिगो की फ्लाइट में आईएस के नारे लगाने वाले शख्स से पूछताछ की गई। आरोपी शख्स मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है।
मुंबई, (मिड डे)। गुरुवार को दुबई से कालीकट आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 89 में आतंकी संगठन आईएस के नारे लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई थी। 24 वर्षीय शख्स यकायक मलयालम भाषा में आईएस के नारे लगाने लगा। इस घटना से फ्लाइट में बैठे 184 यात्री और क्रू मेंबर काफी घबरा गए थे। शख्स के अनियंत्रित व्यवहार के चलते फ्लाइट को डायवर्ट कर मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
फ्लाइट में आईएस के नारे लगाने वाले शख्स की पहचान इस्माइल चेरिया परमबाथ के रूप में हुई है। इस्माइल कथित तौर पर मानसिक रुप से अस्वस्थ है। इस्माइल फ्लाइट में अपने 33 वर्षीय भाई के साथ था। बाद में दोनों को सीआईएसएफ और आईबी के पास पूछताछ के लिए सौंप दिया गया। आईबी कल इस बात का पता लगाने में जुटी रही कि वास्तव में वो शख्स मानसिक रूप से पीड़ित है।
अफ़ग़ानिस्तान में आईएस लड़ाकों की देखरेख कर रहा है हाफिज सईद
केरल में इलाज के लिए भेजा गया
इस्माइल बीते चार सालों से दुबई में रह रहा है। मानसिक बीमारी के चलते इस्माइल के पांच भाइयों ने उसे इलाज के लिए गृहनगर कन्नूर भेजने का फैसला किया।
ऐसा था फ्लाइट के अंदर का माहौल
इंडिगो की फ्लाइट ने दुबई से सुबह 4 बजकर 25 मिनट पर उड़ान भरी थी। फ्लाइट को सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर कालीकट पहुंचना था। फ्लाइट में सवार इस्माइल हमजा ने मिड डे को बताया कि फ्लाइट के उड़ने के बाद यात्री सोने की तैयारी में थे। वहीं फ्लाइट में सवार अन्य यात्री अरफत यसर ने बताया कि “फ्लाइट के टेक ऑफ होने के दो घंटे बाद एक हल्के धमाके की आवाज आई। हमनें देखा कि एक शख्स फूड कार्ट पर बैठ गया है। और कैबिन पर मार रहा है। एक मिनट के अंदर ही वो महिलाओँ समेत सभी यात्रियों को गाली देने लगा।”
आईबी ने की पूछताछ
सुबह 9 बजकर 18 मिनट पर फ्लाइट को छत्रपति शिवाजी स्टेडियम पर लैंड कराया गया। आईबी ने दोनों भाईयों से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक आईबी अधिकारियों ने इस्माइल के भाई से उसकी मेडिकल रिपोर्ट सौंपने को कहा है। पूछताछ के बाद फ्लाइट को सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर रवाना कर दिया गया।
इंडिगो की फ्लाइट में लगे ISIS के नारे, मुंबई में हुई इमरजेंसी लैंडिंग