कश्मीर में जल स्तर बढ़ने से लोग तबाह, घर में घुसा बाढ़ का पानी
स्वर्ग' में आई बाढ़ ने श्रीनगर के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बुधवार को हुई बारिश के बाद डल झील के आस पास के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। एनडीआरएफ की टीमों के साथ पुलिस और सेना के जवान मिलकर नागरिक प्रशासन की मदद में
नई दिल्ली। 'स्वर्ग' में आई बाढ़ ने श्रीनगर के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बुधवार को हुई बारिश के बाद डल झील के आस पास के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। लोग अपने-अपने घरों तक पहुंचने के लिए नाव का सहारा ले रहे हैं। जरूरी सामानों के लिए भी लोगों को सरकारी मदद की ओर टकटकी लगानी पड़ रही है।
इससे पहले बुधवार को श्रीनगर शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है और कई सरकारी इमारतों और बैंकों में पानी भर गया है। उत्तरी कश्मीर में भी कई इलाकों में पानी भर जाने से बाढ़ का ताजा अलर्ट जारी किया गया है।
एनडीआरएफ की टीमों के साथ पुलिस और सेना के जवान मिलकर नागरिक प्रशासन की मदद में जुटे हैं। मौसम विभाग ने बाढ़ को अत्यंत संवेदनशील करार दिया है। ऐसे में प्रशासन ने असुरक्षित और निचले इलाकों से लोगों को हटाने की तैयारी कर ली है। वायुसेना को भी अलर्ट कर दिया गया है। इस बीच, श्रीनगर के अलावा बडगाम, शोपियां और कुलगाम में भूस्खलन व बाढ़ से सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त हो गए और तीन सड़कें पूरी तरह तबाह हो गई।
ये भी पढ़ेंः कश्मीर में बाढ़ का खतरा बरकरार, जरूरी वस्तुओं के लिए मारामारी
ये भी पढ़ेंः कश्मीर में 7 माह बाद फिर तबाही का सैलाब, निचले इलाकों में भरा पानी