सामने आई आसाराम पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला
आसाराम बापू पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला 14 दिनों के बाद रविवार को यहां पुलिस के सामने पेश हुई। सूरत पुलिस अधीक्षक प्रदीप सेजुल ने बताया कि महिला कामरेज थाने पहुंची और रहस्यमय ढंग से लापता होने की वजह बताई। महिला के मुताबिक उसने समाज से तंग आकर
सूरत, जागरण संवाददाता। आसाराम बापू पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला 14 दिनों के बाद रविवार को यहां पुलिस के सामने पेश हुई। सूरत पुलिस अधीक्षक प्रदीप सेजुल ने बताया कि महिला कामरेज थाने पहुंची और रहस्यमय ढंग से लापता होने की वजह बताई। महिला के मुताबिक उसने समाज से तंग आकर घर छोड़ा था। उसने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए यह भी कहा कि उसे यह नहीं पता कि पुलिस ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट क्यों दर्ज की।
गौरतलब है कि वह पति और बच्चे के साथ कहीं चली गई थी। घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों से उसने 15 दिसंबर को विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अमरेली रिश्तेदार के यहां जाने की बात कही थी। उसके बाद लगातार उसका फ़ोन बंद आने लगा। संपर्क नहीं हो पाने पर कामरेज पुलिस ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू की। पुलिस के बयान के बाद सूबे के गृह मंत्री रजनीकांत पटेल को कहना पड़ा था कि उस 33 वर्षीय महिला को जल्द ही खोज निकाला जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घर से कथित रूप से लापता होने के बाद महिला दो दिन अहमदाबाद में रुकी। शनिवार को वह मध्य प्रदेश के इंदौर पहुंची और रविवार को ही वहां से लौट आई। महिला के मुताबिक पुलिस की ओर से दी गई सुरक्षा के कारण उसे सामाजिक तौर पर परेशानी उठानी पड़ रही थी। पारिवारिक मित्र और दूसरे लोग सुरक्षा मिलने की वजह पूछते रहते थे। यही नहीं उसके बच्चे को भी स्कूल में तमाम सवालों का सामना करना पड़ता था। घर छोडऩे से पहले महिला ने अदालत में एक अर्जी भी दी थी। अर्जी में दुष्कर्म मामले में मजिस्टे्रट के समक्ष दिए गए बयान से पीछे हटने की बात कही गई थी। लेकिन गांधीनगर स्थित अदालत ने 22 दिसंबर को उसकी अर्जी खारिज कर दी थी।
गौरतलब है कि महिला ने पिछले साल आसाराम पर 1997 से 2006 के बीच आश्रम में रहने के दौरान दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इसी तरह का एक मुकदमा उसकी छोटी बहन ने आसाराम के बेटे नारायण साईं के खिलाफ दर्ज कराया था। आसाराम दुष्कर्म के एक अन्य मामले में राजस्थान की जेल में बंद हैं।
पढ़ेंः आसाराम मामले में लापता महिला को ढूंढे़गी गुजरात सरकार
पढ़ेंः 'जागो हिंदुस्तानी' आसाराम का नया 'सांस्कृतिक' युद्ध, बांटी गई सीडी