पहले अपनी पार्टी में जान फूंकें सोनिया: वेंकैया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झूठे सपने दिखाकर जनता को भ्रमित करने के सोनिया गांधी के बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। केंद्रीय शहरी विकास और संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष को ऐसी टिप्पणी करने के बजाय अपनी पार्टी में जान फूंकने की नसीहत दी है।
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झूठे सपने दिखाकर जनता को भ्रमित करने के सोनिया गांधी के बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। केंद्रीय शहरी विकास और संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष को ऐसी टिप्पणी करने के बजाय अपनी पार्टी में जान फूंकने की नसीहत दी है।
वेंकैया ने शुक्रवार को यहां कहा, 'वह [सोनिया] कहती हैं कि मोदी सरकार देश की जनता को झूठे सपने दिखाकर सत्ता में आई है। यह भारत की जनता का अपमान है। लोगों ने एक ऐसा नेता चुना है, जिस पर उन्हें विश्वास है कि वह काम करेगा। हकीकत तो यह है कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त को पचा नहीं पा रही है। अपनी पार्टी में जान फूंकने के बजाय वे [कांग्रेस नेता] इस तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।' राजीव गांधी की 70वीं जयंती के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में सोनिया ने कहा था कि मोदी द्वारा दिखाए गए झूठे सपनों से जनता भ्रमित हो गई जिस वजह से लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार हुई। वेंकैया ने कहा कि हार से बौखलाई सोनिया ने हताशा में यह बयान दिया।
वेंकैया ने पीएम की सभाओं में गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की हूटिंग को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। इस आधार पर हालांकि उन्होंने पीएम के कार्यक्रम के बहिष्कार को गलत ठहराया। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की हूटिंग की गई थी। इसे देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने नागपुर में आयोजित मोदी के कार्यक्रम से किनारा कर लिया था।