विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

धर्म आधारित आरक्षण से बनेगा एक और पाकिस्तान: वेंकैया नायडू

By Kishor JoshiEdited By:
Published: Sat, 15 Apr 2017 09:29 AM (IST)

केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा है कि धर्म आधारित आरक्षण से एक और पाकिस्तान बनेगा।

धर्म आधारित आरक्षण से बनेगा एक और पाकिस्तान: वेंकैया नायडू
धर्म आधारित आरक्षण से बनेगा एक और पाकिस्तान: वेंकैया नायडू

हैदराबाद (प्रेट्र)। केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा है कि धर्म के आधार पर आरक्षण को लागू करने से देश में सामाजिक अशांति होगी। साथ ही यह एक और पाकिस्तान बनने का कारण बनेगा। अंबेडकर जयंती पर आयोजित भाजपा की बैठक में शुक्रवार को नायडू ने संकेत दिया कि तेलंगाना का कुछ खास वर्गो को आरक्षण देने का प्रस्ताव संवैधानिक रूप से अवैध है।

उन्होंने यह भी कहा कि संविधान के रचयिता बीआर अंबेडकर ने भी धर्म आधारित आरक्षण का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि हम केसीआर (तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव) के आरक्षण लागू करने की इच्छा का विरोध नहीं कर रहे। भाजपा ने पहले भी राजशेखर रेड्डी (संयुक्त आंध्र के दिवंगत सीएम) और चंद्रबाबू नायडू (मौजूदा सीएम) की ऐसी कोशिशों का भी विरोध किया है।

वेंकैया नायडू ने कहा कि हम ऐसी किसी भी आरक्षण का विरोध करेंगे जिससे एक और पाकिस्तान बनने का खतरा पैदा हो। भाजपा की यह अखिल भारतीय नीति है। यह भाजपा की सिर्फ तेलंगाना इकाई की नीति नहीं है। नायडू ने कहा कि भाजपा संप्रदाय आधारित आरक्षण के खिलाफ है। इस तरह के आरक्षण से लोगों के बीच संप्रदाय के आधार पर बंटवारा हो जाएगा। सामाजिक उथल-पुथल मच जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी मुसलमानों के खिलाफ नहीं है।

उल्लेखनीय है कि तेलंगाना के सीएम के. चंद्रशेखर राव ने हाल ही में कहा था कि उनकी सरकार 16 अप्रैल को विधानसभा सत्र चलाकर एसटी (अनुसूचित जनजाति) और पिछड़ों के धड़े में मुसलमानों को शामिल करेगी। राव ने यह भी कहा था कि विधानसभा में यह बिल पारित किए जाने के बाद इसे केंद्र के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें: केंद्र सरकार का नया नियम, मंत्रालयों और सरकारी विभागों को भी देना होगा किराया

यह भी पढ़ें: राजौरी गार्डन By Poll: केंद्रीय मंत्री बोले- मोदी का तो मतलब ही सुशासन है