विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आइटी में दूसरों से पीछे नहीं रहेगा यूपी : अखिलेश

By Edited By:
Published: Fri, 06 Sep 2013 09:52 PM (IST)Updated: Fri, 06 Sep 2013 09:55 PM (IST)

सूचना प्रौद्योगिकी [आइटी] के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश वैसे तो अपना खास मुकाम रखता है, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार इस ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली, [जागरण ब्यूरो]। सूचना प्रौद्योगिकी [आइटी] के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश वैसे तो अपना खास मुकाम रखता है, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार इस दिशा में अभी बहुत कुछ और करना चाहती है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आइटी दिग्गजों को भरोसा दिया कि उन्हें प्रदेश में वह सारी सुविधाएं मिलेंगी, जो इस दिशा में देश के दूसरे अग्रणी राज्यों में मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि बिजली और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में भी सपा सरकार ने कई जरूरी कदम उठाए हैं। आने वाले समय में उसके बेहतर नतीजे सामने होंगे।

अखिलेश यादव ने शुक्रवार को यहां आइटी कंपनियों के शीर्ष संगठन 'नैसकॉम' के नोएडा में बनने वाले मुख्यालय के शिलान्यास की बाबत आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के दिग्गजों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे तो उत्तर प्रदेश देश का छठा सबसे बड़ा आइटी निर्यातक प्रदेश है, लेकिन नैसकॉम का मुख्यालय नोएडा में बनने से बड़ा फायदा होगा। उत्तर प्रदेश बड़ा प्रदेश है। खास तौर से आइटी के क्षेत्र में बहुत काम हो रहा है। यह सपा की प्राथमिकता थी, तभी सरकार बनते ही सबसे पहले नई आइटी नीति बनाई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय हब के रूप में विकसित करना चाहती है। सरकार के रुझान को समझा जा सकता है। उत्तर प्रदेश इकलौता राज्य है, जहां छात्र-छात्राओं को इतने बड़े पैमाने पर लैपटॉप बांटे जा रहे हैं। इस मौके पर नोएडा के चेयरमैन व सीईओ रमारमण ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में नोएडा और ग्रेटर नोएडा किस तरह मेट्रो रेल से लेकर दूसरी सारी सुविधाओं से लैस है। प्रदेश के आइटी सचिव जीवेश नंदन ने कहा कि सिर्फ नोएडा व ग्रेटर नोएडा ही नहीं, बल्कि आइटी के क्षेत्र में पूरे प्रदेश में बदलाव लाने की योजना पर काम हो रहा है। कई आइटी पार्क और आइटी सिटी बनाने का प्रस्ताव उसी रणनीति का हिस्सा है। नैसकॉम के सोम मित्तल ने संस्था के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी, जबकि चेयरमैन केके नटराजन ने आभार व्यक्त किया।

अंधविश्वासी नहीं हूं, नोएडा में नैसकॉम मुख्यालय का उद्घाटन करूंगा: मुख्यमंत्रीराज्य के मुख्यमंत्री अमूमन नोएडा जाने से कतराते हैं। ऐसी अवधारणा बन गई है कि प्रदेश का जो भी मुख्यमंत्री पद रहते हुए नोएडा किसी कार्यक्रम में गया, अगली बार वह फिर मुख्यमंत्री नहीं रहा। नोएडा में नैसकॉम मुख्यालय के लिए दिल्ली के एक होटल से शिलान्यास करने पर इस सवाल से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी रूबरू हुए। पत्रकारों ने पूछा कि क्या अंधविश्वास की वजह से नोएडा नहीं गए? मुख्यमंत्री का जवाब था, 'समाजवाद का अंधविश्वास में विश्वास नहीं होता। अभी नहीं गया हूं, लेकिन नैसकॉम की बिल्डिंग बन जाने पर उसका उद्घाटन करने जाऊंगा। यह उन पर है कितनी जल्दी बिल्डिंग बना दें।'

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर