उबर का एक और चालक छेड़छाड़ में गिरफ्तार, मिली जमानत
उबर एक बार फिर विवादों में घिर गई है। यहां की युवती ने उसके चालक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उसने शनिवार को हुई इस घटना के बारे में सोमवार रात ईमेल कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने कंपनी से संपर्क साधा है। चालक गिरफ्तार हो गया है।
गुड़गांव। अमेरिकी टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनी उबर एक बार फिर विवादों में घिर गई है। यहां की युवती ने उसके चालक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उसने शनिवार को हुई इस घटना के बारे में सोमवार रात ईमेल कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने कंपनी से संपर्क साधा है। चालक की पहचान विनोद के रूप में हुई है। सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार उसे दिल्ली की एक अदालत ने जमानत दे दी।
युवती ने भाई ने फेसबुक पर पूरे घटनाक्रम का हवाला दिया। उसने अपने मैसेज में लिखा कि एक टैक्सी चालक से मेरी बहन बच गई है। इस मैसेज पर लोगों ने कमेंट किया तो मामला पुलिस की नजर में आया। इसके बाद पुलिस ने उबर कंपनी के अधिकारियों और पीड़िता से संपर्क साधा और कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ सेक्टर-56 थाने में एफआइआर दर्ज कर ली है।
युवती ने दिल्ली से गुड़गांव सेक्टर-56 के लिए टैक्सी बुक की थी। पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें किसी माध्यम से शाम को मिली थी। इसके बाद पीड़िता की ओर से सोमवार रात करीब साढे़ आठ बजे शिकायत को लेकर ईमेल की गई, जिसके बाद पुलिस ने उबर कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर चालक की पहचान करने को कहा। कंपनी अधिकारियों ने सहयोग का भरोसा दिलाया है।
एजेंसी के मुताबिक, पीड़िता ने घटना के दौरान ही फोन पर कंपनी के प्रतिनिधि से शिकायत दर्ज कराई कि चालक जबरदस्ती उस पर झुक रहा है और उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश कर रहा है। इस पर कंपनी के प्रतिनिधि ने कहा कि हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते। हमारी टीम आरोपी चालक का पीछा कर रही है। युवती के भाई ने कंपनी पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। दोषी चालक को सजा मिलनी चाहिए।
इस पर कंपनी के प्रतिनिधि ने कहा कि शिकायत मिलने के एक मिनट के भीतर हमारी टीम फोन के माध्यम से राइडर (शिकार) के पास जा पहुंची। टीम के कई सदस्यों ने घटना का पता लगाने के लिए ड्राइवर के साथ बात की।
गौरतलब है कि उबर ने हाल ही में आइआइटी स्नातक अमित जैन को भारतीय कारोबार के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया है। पिछले साल 27 वर्षीय युवती से दुष्कर्म की घटना के बाद राष्ट्रीय राजधानी में इस टैक्सी सर्विस पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पढ़ेंः उबर का रेप पीड़िता को मेल, बताया हम दिल्ली फिर आ गए