विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब स्पैम कॉल से मिलेगी राहत, ट्राई के नए सख्त नियम लागू; AI की मदद से टेलीकॉम कंपनियां करेंगी कार्रवाई

Published: Fri, 18 Sep 2026 10:53 PM (IST)

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने स्पैम कॉल रोकने के लिए नए सख्त नियम लागू किए हैं। अब टेलीकॉम कंपनियां ...और पढ़ें

स्पैम कॉल से मिलेगी बड़ी राहत

स्पैम कॉल से मिलेगी बड़ी राहत

HighLights

  1. ट्राई ने स्पैम कॉल रोकने के लिए नए सख्त नियम लागू किए।

  2. टेलीकॉम कंपनियां AI से स्पैम कॉल करने वालों पर कार्रवाई करेंगी।

  3. उपभोक्ता शिकायत समाधान से असंतुष्ट होने पर अपील कर सकेंगे।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। स्पैम कॉल से परेशान मोबाइल फोन ग्राहकों को अब पहले की तुलना में राहत मिल सकती है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने शुक्रवार से स्पैम कॉल को रोकने से संबंधित नियमों में बदलाव किया है।

पहले की तुलना में नए नियम को सख्त कर दिया गया है। इस साल फरवरी में ट्राई ने इस संबंध में मसौदा जारी किया था और स्टेकहोल्डर्स से प्राप्त राय के आधार पर नए नियम बनाए गए हैं।

नए नियम के मुताबिक अगर किसी कॉल को लेकर स्पैम व वाणिज्यिक कॉल का संदेह होता है तो टेलीकॉम कंपनियां कॉल करने वाले की लाइन की जांच करेगी और उसकी जानकारी अन्य टेलीकॉम कंपनियां से साझा करेंगी। शक होने पर इस प्रकार के कॉल करने वालों का फिर से केवाईसी कराने के साथ अन्य जांच की जा सकती है।

स्पैम कॉल करने वालों की शीघ्र पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए उपभोक्ता से प्राप्त शिकायत डाटा का सत्यापन टेलीकॉम कंपनियों की तरफ से किया जाएगा। टेलीकॉम कंपनियां अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम की मदद से यह जांच करेंगी।

स्पैम कॉल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने के लिए उसके खिलाफ 10 दिनों के भीतर पांच से इससे अधिक शिकायत का आना जरूरी है। उपभोक्ता अब स्पैम कॉल की शिकायतों के समाधान से संतुष्ट नहीं होने पर अपील कर सकेंगे। यह अपील अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष 15 दिनों के भीतर की जा सकती है।

अब अगर कोई ग्राहक किसी खरीदारी या सेवा के लिए कंपनी में पूछताछ करता है तो अगले सात दिनों के भीतर ही वह कंपनी अपना फालो अप कॉल कर सकती है। कई बार फोन से कॉल करने की जगह विभिन्न एप या लैपटाप से स्पैम कॉल करते हैं।

इस प्रकार के कॉल को भी नए नियम के दायरे में लाया गया है और इनके खिलाफ भी टेलीकॉम कंपनियों को कार्रवाई के लिए कहा गया है।