यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 19, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जेएनयू विवाद पर पर्रिकर बोले, उनके संस्कार अच्छे नहीं इसलिए ऐसा किया
जेएनयू विवाद में राजनीतिक दलों की तरफ से लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को देश के ...और पढ़ें

नई दिल्ली। जेएनयू विवाद में राजनीतिक दलों की तरफ से लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को देश के रक्षामंत्री ने कहा कि विवाद पैदा करने वालों के संस्कार अच्छे नहीं है।
जानकारी के अनुसार, जेएनयू के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर पर्रिकर ने कहा कि जो लोग जेएनयू में भारत के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं वो देश के सपूत नहीं हो सकते। उनके संस्कार अच्छे नहीं हैं, इसलिए उन्होंने ऐसा किया।
उन्होंने कहा कि जेएनयू में जो भी घटना घटी, जहां देश के विरोध में नारे दिए गए वो गलत है और वो संस्कारों के अभाव के कारण है।
गौरतलब है कि देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार जेल में है, वहीं कुछ अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर ट्वीट के जरिये केंद्र सरकार पर हमला बोला है। इस बार केंद्र सरकार के साथ दिल्ली पुलिस, भाजपा और आरएसएस को भी घेरा है।
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में कहा कि केंद्र की में इंडियन पैनल कोड (आईपीसी) में हत्या, लूट और दुष्कर्म कोई बड़ा अपराध नहीं, बल्कि बड़ा अपराध है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विरोध करना।
