प्रधानमंत्री पद के लिए नहीं है खाली जगह: वेंकैया नायडू
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। नायडू ने संघीय मोर्चे पर चुटकी लेते हुए नीतीश को आड़े हाथों लिया।
हैदराबाद(पीटीआई)। केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने संघीय मोर्चे को लेकर जदयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। नीतीश द्वारा गैर भाजपा दलों को एकजुट करने के आह्वान पर वेंकैया ने कहा कि "नीतीश कुमार संघीय मोर्चे को एनडीए के विकल्प के तौर पर आगे रख रहे हैं लेकिन यह थका हुआ और फेल मोर्चा है।"
वेंकैया ने कहा कि हमें देखना चाहिए कि बिहार में इस समय क्या हो रहा है। वहां पर जंगल राज की वापसी हो रही है। उसकी व्यापक आलोचना हो रही है। किसी भी जदयू नेता का बिहार के बाहर कोई जनाधार नहीं है।
उन्होंने कहा कि "2019 के आम चुनाव के लिए नीतीश के एकजुटता के एलान को कौन सुन रहा है। यह मोर्चा अपने ही विरोधाभासों का शिकार है। देश में नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। वो तथाकथित विकल्प की बात कर रहे हैं। यहां कई लोगों में प्रधानमंत्री बनने की इच्छा है, लेकिन प्रधानमंत्री पद के लिए यहां कोई खाली जगह नहीं है।"
राज्यसभा उम्मीदवारों ने भरा पर्चा
राज्यसभा की खाली पड़ी सीटों के लिए उम्मीदवारों ने नामांकन भरना शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ से आज भाजपा की टिकट पर रामविचार नेतम और कांग्रेस की छाया वर्मा ने नामांकन दाखिल किया। वहीं राम जेठमलानी ने जदयू की टिकट पर बिहार से राज्यसभा के लिए नामांकन भरा।
दिल्ली को पूर्ण राज्य के दर्जे पर विचार नहीं
दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने पर केंद्र सरकार फिलहाल किसी भी स्तर पर विचार नहीं कर रही है। सरकार दिल्ली के दर्जे में बदलाव की कोई जरूरत महसूस नहीं कर रही है। यह जानकारी शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने दी है। दिल्ली विधानसभा ने हाल ही दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का प्रस्ताव पारित किया है। वहां के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस बाबत कई बार मांग उठा चुके हैं।
आइएमए ने सीएम नीतीश से कहा, देशभर के डॉक्टर बिहार में रंगदारी का करेंगे विरोध