विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 28, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आतंकी ले उड़े भाजपा नेता के अंगरक्षक की AK-56 राइफल

By Kamal VermaEdited By:
Published: Tue, 28 Jun 2016 03:44 PM (IST)Updated: Wed, 29 Jun 2016 12:20 AM (IST)

पंपोर में हुई आतंकी घटना के बाद सुरक्षा व्‍यवस्‍था पुख्‍ता करने का दावा आज पूरी तरह से खोखला साबित हुआ। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

श्रीनगर (राज्य ब्यूरो)। पंपोर हमले के बाद वादी में किए गए कड़े सुरक्षा प्रबंधों की आज उस वक्त पोल खुल गई जब आतंकी चाडूरा-बडगाम में एक भाजपा नेता के अंगरक्षक एसाल्ट राइफल छीनकर फरार हो गए। इस घटना के बाद बडगाम, पंपोर, पुलवामा, शोपियां व श्रीनगर में अलर्ट जारी कर दिया गया। पुलिस आतंकियों को पकडऩे के लिए उनके सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने उस अंगरक्षक से भी पूछताछ कर रही है जिससे आतंकी राइफल छीनकर फरार हुए। इसके अलावा पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि गत शनिवार को आतंकियों ने पंपोर के पास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था। इस हमले में आठ जवान शहीद व 20 अन्य जख्मी हुए थे। इस हमले के बाद पूरी वादी में सुरक्षा तंत्र की समीक्षा कर, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का दावा किया जा रहा है।

भाजपा नेता से हथियार छीनने की घटना पांजन- चाडूरा में हुई है। भाजपा नेता का नाम गुलाम मोहम्मद चोपान है और वह पांजन के गोरी मोहल्ले में रहते हैं। आतंकियों के आगे हथियार डालने वाले उनके अंगरक्षक का नाम बशीर अहमद हंजूरा है और वह राज्य पुलिस के सिक्योरिटी विंग से संबधित है। चोपान ने भाजपा की टिकट पर गत विधानसभा चुनावों में चरार-ए-शरीफ से हिस्सा भी लिया था, मगर हार गएथे।

संबधित सूत्रों ने बताया कि सुबह 9.25 बजे के करीब पांच से छह लोग बड़े आराम से भाजपा नेता के घर के बाहर पहुंचे। उन्होंने भाजपा नेता से मिलने की इच्छा जताई। मकान के बाहर खड़े पुलिसकर्मी बशीर अहमद ने उन्हें रोक कर उनका नाम जानने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्होंने अंगरक्षक पर काबू पा लिया। एक युवक ने कथित तौर पर पिस्तौल भी तानी और उसके बाद वह पुलिसकर्मी से उसकी एके-56, दो मैगजीन व कुछ कारतूस लेकर फरार हो गए। वारदात के समय भाजपा नेता अपने मकान के अंदर ही थे।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी बडगाम फैयाज मीर, एसडीपीओ चाडूरा, थाना प्रभारी चाडूरा और सीआरपीएफ व सेना के अधिकारी भी अपने दल-बल समेत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्थिति का संज्ञान लेते हुए आतंकियों को पकडऩे के लिए एक अभियान चलाया। इस बीच,चाडूरा पुलिस स्टेशन में इस संदर्भ में एक एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।