विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अरुणाचल प्रदेश में सिक्किम के मशहूर रैपर UNB पर जानलेवा हमला, कार में की तोड़फोड़; जांच में जुटी पुलिस

Published: Wed, 23 Sep 2026 02:09 PM (IST)

सिक्किम के मशहूर रैपर यूगेन नामग्याल भूटिया (UNB) पर अरुणाचल प्रदेश के लोअर दिबांग वैली जिले में जानलेवा हमला हुआ ...और पढ़ें

सिक्किम के रहने वाले रैपर UNB पर हमला।

सिक्किम के रहने वाले रैपर UNB पर हमला।

HighLights

  1. सिक्किम के रैपर UNB पर अरुणाचल में जानलेवा हमला।

  2. हमलावरों ने लोहे की रॉड से कार तोड़ी, UNB को चोटें।

  3. पुलिस सोशल मीडिया विवाद के एंगल से जांच में जुटी।

डिजिटल डेस्क, ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश से एक हैरान कर देने वाली और बुरी खबर सामने आई है। यहां सिक्किम के लोकप्रिय रैपर उगेन नामग्याल भूटिया, जिन्हें लोग UNB के नाम से जानते हैं, उन पर अरुणाचल के लोअर दिबांग वैली जिले में कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया है। 

बता दें कि यह घटना बीते सोमवार शाम करीब 6 बजे तियारी गांव के पास उस वक्त हुई, जब रैपर UNB और उनकी टीम अनिनी में एक फेस्टिवल में परफॉर्म करने के बाद रोइंग लौट रही थी।

एक घंटे तक किया गाड़ी का पीछा

रैपर के मैनेजर दीप धर के मुताबिक, दो गाड़ियों एक इनोवा और एक बोलेरो, जिन पर असम के नंबर थे और नंबर प्लेट पर कीचड़ पोता गया था, ने लगभग एक घंटे तक उनकी कार का पीछा किया। 

सुनसान रास्ते पर लोहे की रॉड से किया हमला

इसके बाद एक सुनसान रास्ते पर हमलावरों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद 8 से 10 लोगों ने लोहे की रॉड से उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और UNB तथा उनके मैनेजर पर हमला कर दिया।

इस हमले में रैपर UNB के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, और उनकी आंख के पास सूजन भी आ गई है। हालांकि, सामने से एक ट्रक को आते देख हमलावर वहां से फरार हो गए।

सोशल मीडिया विवाद का एंगल आया सामने 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हमले के पीछे सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद का एंगल भी सामने आ रहा है। UNB के बयान में अरुणाचल प्रदेश के ही एक अन्य रैपर डॉन काम के साथ सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद का जिक्र है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया है।

दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों का दखल

इस घटना के तूल पकड़ते ही राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने तुरंत अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू से फोन पर बात की और रैपर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। मुख्यमंत्री खांडू ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई का पूरा भरोसा दिया है।

दूसरी ओर अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जिसमें डीएसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई गाड़ियों की पहचान भी कर ली है और सबूत जुटाने में जुटी है।