शोभा डे के घर पर प्रदर्शन, मराठी फिल्मों के समय में ढिलाई
मल्टीप्लेक्स में प्राइमटाइम में मराठी फिल्में दिखाने के आदेश का विरोध करने वाली लेखिका शोभा डे गुरुवार को शिवसेना के निशाने पर रहीं। वहीं महाराष्ट्र सरकार अब अपने दो दिन पहले के आदेश से पलटती नजर आ रही है। मराठी फिल्में दिन में अब 12 से नौ बजे के बीच
राज्य ब्यूरो, मुंबई। मल्टीप्लेक्स में प्राइमटाइम में मराठी फिल्में दिखाने के आदेश का विरोध करने वाली लेखिका शोभा डे गुरुवार को शिवसेना के निशाने पर रहीं। वहीं महाराष्ट्र सरकार अब अपने दो दिन पहले के आदेश से पलटती नजर आ रही है। मराठी फिल्में दिन में अब 12 से नौ बजे के बीच कभी भी दिखाई जा सकेंगी।
राज्य के संस्कृति मंत्री विनोद तावड़े के अनुसार, अब मल्टीप्लेक्स मालिक और फिल्म प्रोड्यूसर मिलकर फिल्में दिखाने का समय तय करेंगे। दो दिन पहले राज्य सरकार ने निर्णय लिया था कि मुंबई के मल्टीप्लेक्सों की कम से कम एक स्क्रीन पर प्राइमटाइम यानी शाम छह से नौ बजे के बीच कोई मराठी फिल्म दिखानी होगी। ऐसा न होने पर मल्टीप्लेक्स का लाइसेंस रद कर दिया जाएगा।
सरकार के इस निर्णय की सिनेमा और बौद्धिक जगत में आलोचना शुरू हो गई थी। अंग्रेजी लेखिका शोभा डे ने भी इस निर्णय की आलोचना करते हुए ट्विटर पर कई टिप्पणियां पोस्ट की थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के लिए 'दादागिरी' शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके चलते विधानसभा में बुधवार को उनके विरुद्ध विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाया गया था।
शोभा डे की टिप्पणियों से नाराज शिवसैनिकों और आरपीआइ कार्यकर्ताओं ने उनके घर के बाहर बड़ा पाव एवं दही मिसल लेकर विरोध प्रदर्शन किया। ये मराठी व्यंजन उन्हें खाने के लिए भी भेजे गए। शोभा ने अपने ट्वीट में लिखा था कि अब मल्टीप्लेक्स में पॉपकॉर्न के बजाय बड़ा पाव एवं दही मिसल मिला करेगा।
शिवसेना ने 'सामना' में भी ली खबर
शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' में संपादकीय लिखकर भी शोभा डे की खबर ली है। सामना ने लिखा, 'शाबाश शोभा आंटी, शाभाश। महाराष्ट्र में जन्म लेकर आप महाराष्ट्र के प्रति अच्छी फर्ज निभा रही हो।'
सामना ने लिखा, 'शोभा आंटी ने दादागिरी का विषय निकाला है, तो कहना पड़ रहा है कि बालासाहब ठाकरे ने दादागिरी न दिखाई होती तो पेज थ्री की पार्टियां आपको बुर्के में ही करनी पड़ती।'
शिवसेना ने नसीरुद्दीन के 'पाक प्रेम' को बताया काला जादू का असर
मुंह से गंदगी फैलाने वालों की सफाई करें मोदी: शिव सेना
किसी का अपमान नहीं किया
अपने घर के बाहर हुए प्रदर्शन पर शोभा डे ने कहा कि उन्होंने अपनी ट्विटर टिप्पणियों में किसी का अपमान नहीं किया है। जबकि शिवसेना उनका अपमान कर रही है। हालांकि प्रदर्शनकारियों द्वारा भेजे गए वड़ा पाव एवं दही मिसल के लिए धन्यवाद अदा किया।