लापता तटरक्षक विमान की खोज तीसरे दिन भी जारी
भारतीय तटरक्षक बल के लापता डोर्नियर विमान की तलाश तीसरे दिन गुरुवार को भी जारी रही। लेकिन विमान के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। तटरक्षक बल का टोही विमान चालक दल के तीन सदस्यों सहित सोमवार रात पुडुचेरी के कराईकल से लापता है।
चेन्नई। भारतीय तटरक्षक बल के लापता डोर्नियर विमान की तलाश तीसरे दिन गुरुवार को भी जारी रही। लेकिन विमान के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। तटरक्षक बल का टोही विमान चालक दल के तीन सदस्यों सहित सोमवार रात पुडुचेरी के कराईकल से लापता है।
बल के एक अधिकारी ने बताया, "विमान का कुछ पता नहीं चल पाया है। नौसेना की पनडुब्बी को भी खोज अभियान में लगाया गया है।" तटरक्षक बल ने उपग्रहों की मदद से लापता विमान को ढूंढ़ने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) से मदद मांगी है। इसरो से विमान को ढूंढ़ने के लिए अपने उपग्रहों का इस्तेमाल करने का अनुरोध किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, कराईकल के पास समुद्र में पाई गई तैलीय सतह के परीक्षण को लेकर भी अब तक जानकारी नहीं मिली है।
लापता विमान के सेलफोन टावर सिग्नल के बारे में पूछे जाने पर बल के एक अधिकारी ने बताया कि ऐसा कोई सिग्नल नहीं मिला है। लापता विमान के चालक दल में पायलट उप कमांडर विद्यासागर, सह-पायलट उप कमांडर एमके सोनी व नेवीगेटर/पर्यवेक्षक सुभाष सुरेश शामिल हैं। तीनों की उम्र 30-40 साल के बीच है।