रोहतक की मर्दानी, भरी बस में की मनचलों की धुनाई
हरियाणा के रोहतक में आज एक बस में दो लड़कियों ने एक मनचले की जमकर धुनाई लगाई। जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक बस में आगे बैठी एक युवती पर लगातार अभद्र टिप्पणी कर रहा था, जिसपर उस लड़की ने उसे कई बार टोका भी। लेकिन युवक अपनी हरकतों से
रोहतक। हरियाणा के रोहतक में आज एक बस में दो लड़कियों ने एक मनचले की जमकर धुनाई लगाई। जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक बस में आगे बैठी एक युवती पर लगातार अभद्र टिप्पणी कर रहा था, जिसपर उस लड़की ने उसे कई बार टोका भी। लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इसके बाद उसकी इस हरकत के खिलाफ बस में सफर कर रही एक अन्य लड़की ने भी आपत्ति जाहिर की। इस दौरान उसके दो साथी भी लड़कियों से बदतमीजी करने लगे। इस दौरान युवक जिस लड़की पर अभद्र टिप्पणी कर रहा था उसका सब्र का बांध टूट गया और उसने उसे मारने के लिए हाथ उठा दिया।
लेकिन मनचले ने उसको काबू करते हुए न सिर्फ गिरा दिया बल्कि उसे सीट पर दबा कर उसका गला घोंटने का भी प्रयास करने लगा। इतने में वहां मौजूद दूसरी लड़की ने उस पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। बाद में लड़की ने बेल्ट भी निकाल कर मनचले की धुनाई की। हालांकि इस दौरान बस में मौजूद किसी अन्य यात्री ने लड़की का साथ देने या फिर मनचलों को उनकी हरकत पर सबक सिखाने की कोशिश नहीं की। अंत में इन तीनों मनचलों को पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
संबंधित एसएचओ गजेंद्र सिंह ने इस पूरी घटना पर अफसोस जताते हुए कहा कि यह विडंबना है कि इस पूरी घटना के दौरान किसी अन्य यात्री ने लड़कियों का साथ नहीं दिया। उन्होंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की भी बात कही है। दूसरी ओर इस घटना से व्यथित सामाजिक कार्यकर्ता आभा सिंह ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सीआरपीसी की धारा 39 में बदलाव की जरूरत पर बल दिया है।